Top 5 This Week

Related Posts

चुनाव से पहले अफसरशाही में फेरबदल, नैनीताल की कमान अंशुल के हाथ… डीएम रयाल शासन में!

हल्द्वानी। चुनावी साल की आहट के बीच शासन ने प्रशासनिक मशीनरी को फिर झकझोर दिया है। शुक्रवार देर रात जारी तबादला आदेश में पांच आईएएस और पांच पीसीएस अधिकारियों को इधर से उधर कर दिया गया। इस फेरबदल में नैनीताल और अल्मोड़ा जिलों की कमान बदलने के साथ कई अधिकारियों की जिम्मेदारियां भी नए सिरे से तय की गई हैं। सबसे बड़ा बदलाव नैनीताल में हुआ है, जहां जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की जगह अब अल्मोड़ा के डीएम अंशुल सिंह जिले की कमान संभालेंगे।

नैनीताल की कुर्सी बदली, रयाल सचिवालय पहुंचे

अल्मोड़ा के जिलाधिकारी अंशुल सिंह को नैनीताल का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल को जिले से हटाकर शासन में अपर सचिव कार्मिक एवं सतर्कता विभाग और अपर सचिव मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशासनिक गलियारों में इस बदलाव को अहम माना जा रहा है।

अल्मोड़ा को मिली नई जिलाधिकारी

खेल एवं युवा कल्याण विभाग की निदेशक दीप्ति सिंह को जिलाधिकारी अल्मोड़ा बनाया गया है। अंशुल सिंह के नैनीताल आने के बाद अल्मोड़ा की जिम्मेदारी अब दीप्ति सिंह संभालेंगी।

किस अधिकारी को कहां भेजा गया विनीत तोमर, आईएएस: कुमाऊं मंडल विकास निगम के प्रबंध निदेशक के साथ जिला विकास प्राधिकरण नैनीताल के उपाध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार निधि यादव, आईएएस: अपर सचिव कृषि से हटाकर अपर सचिव खेल एवं युवा कल्याण और निदेशक खेल एवं युवा कल्याण की जिम्मेदारी कृष्ण कुमार मिश्रा, पीसीएस: अपर जिलाधिकारी देहरादून से अपर जिलाधिकारी हरिद्वार पंकज कुमार उपाध्याय, पीसीएस: अपर मेलाधिकारी कुंभ मेला हरिद्वार के साथ अपर जिलाधिकारी हरिद्वार का अतिरिक्त प्रभार वैभव गुप्ता, पीसीएस: अपर जिलाधिकारी हरिद्वार से अपर जिलाधिकारी देहरादून सीमा विश्वकर्मा, पीसीएस: उप जिलाधिकारी अल्मोड़ा से उप जिलाधिकारी नैनीताल सुधीर कुमार, पीसीएस: उप जिलाधिकारी नैनीताल से उप जिलाधिकारी अल्मोड़ा।

सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

चुनावी तैयारी की दस्तक के बीच शासन के इस फेरबदल ने प्रशासनिक हलकों में हलचल बढ़ा दी है। जिलों की कमान बदलने के साथ अधिकारियों की जिम्मेदारियां भी बदल गई हैं—अब नई तैनाती पर कामकाज की रफ्तार और नतीजे ही इस बदलाव की असली परीक्षा होंगे।

Popular Articles