नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आगामी राज्यसभा चुनावों के लिए 11 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। पार्टी ने विभिन्न राज्यों से अपने वरिष्ठ नेताओं और संगठनात्मक चेहरों को उम्मीदवार बनाया है। इस सूची में सबसे चर्चित नाम भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ का है, जिन्हें मध्य प्रदेश से राज्यसभा का उम्मीदवार घोषित किया गया है।
भाजपा की ओर से जारी सूची में मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश और मणिपुर समेत कई राज्यों के नेताओं को मौका दिया गया है। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, पार्टी ने इस बार संगठन में लंबे समय से सक्रिय नेताओं पर भरोसा जताते हुए उन्हें संसद के उच्च सदन में भेजने की रणनीति अपनाई है।
तरुण चुघ पंजाब भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं और वर्तमान में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। उनका राजनीतिक सफर छात्र संगठन एबीवीपी से शुरू हुआ था। बूथ स्तर के कार्यकर्ता से लेकर राष्ट्रीय नेतृत्व तक पहुंचने वाले चुघ को संगठन में मजबूत पकड़ और लंबे अनुभव के लिए जाना जाता है।
मध्य प्रदेश से भाजपा ने तरुण चुघ के अलावा रजनीश अग्रवाल को भी उम्मीदवार बनाया है। राज्य में इस बार कई सीटों पर चुनाव होने हैं और पार्टी ने संगठनात्मक संतुलन को ध्यान में रखते हुए उम्मीदवारों का चयन किया है।
राजनीतिक गलियारों में इस बात की भी चर्चा है कि केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू का नाम सूची में शामिल नहीं किया गया है। इसे भाजपा की आगामी राजनीतिक रणनीति और संभावित संगठनात्मक बदलावों से जोड़कर देखा जा रहा है।
भाजपा की इस घोषणा के बाद कई राज्यों में पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह का माहौल देखा गया। अमृतसर में तरुण चुघ के समर्थकों ने उनकी उम्मीदवारी पर खुशी जाहिर करते हुए जश्न मनाया और इसे कार्यकर्ताओं के सम्मान का प्रतीक बताया।





