Top 5 This Week

Related Posts

चीरबासा में मलबा हटने के बाद केदारनाथ पैदल मार्ग बहाल, श्रद्धालुओं ने फिर शुरू की यात्रा

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग पर चीरबासा के पास मलबा और पत्थर आने से बाधित हुई आवाजाही को प्रशासन ने बहाल कर दिया है। मार्ग खुलने के बाद श्रद्धालुओं ने फिर से केदारनाथ धाम की ओर यात्रा शुरू कर दी। इससे रास्ते में फंसे यात्रियों को राहत मिली है।

सोमवार को चीरबासा क्षेत्र में बारिश के बीच पहाड़ी से मलबा और पत्थर आने के कारण रास्ता पूरी तरह बंद हो गया था। इसके चलते प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर सोनप्रयाग और गौरीकुंड से केदारनाथ जाने वाले यात्रियों की आवाजाही रोक दी थी। धाम से लौट रहे यात्रियों को भी सुरक्षित स्थानों पर रोका गया था।

1500 यात्रियों का किया गया रेस्क्यू

मार्ग बंद होने के बाद करीब 1500 तीर्थयात्री चीरबासा क्षेत्र में फंस गए थे। लगातार बारिश और पहाड़ी से गिर रहे पत्थरों के बीच एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और डीडीआरएफ की संयुक्त टीमों ने अभियान चलाकर यात्रियों को सुरक्षित निकाला। उन्हें खतरनाक क्षेत्र से निकालकर गौरीकुंड पहुंचाया गया।

हादसे में चीरबासा के पास मलबे और पत्थरों की चपेट में आने से पांच वर्षीय बच्चे की मौत भी हुई थी। इसके बाद प्रशासन ने यात्रा मार्ग की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती।

मौसम को देखते हुए सतर्कता

केदारनाथ पैदल मार्ग पर संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाई गई है। प्रशासन की ओर से यात्रियों से मौसम और मार्ग की स्थिति की जानकारी लेने के बाद ही यात्रा करने की अपील की गई है। पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए यात्रा संचालन स्थानीय परिस्थितियों के आधार पर किया जा रहा है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मौसम खराब होने या मार्ग पर दोबारा मलबा आने की स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवाजाही अस्थायी रूप से रोकी जा सकती है।

Popular Articles