Top 5 This Week

Related Posts

चारधाम यात्रा बनाएगी नया रिकॉर्ड, 15 सितंबर से शुरू होगा दूसरा चरण; 55 लाख से अधिक श्रद्धालुओं की उम्मीद

देहरादून। मानसून के कमजोर पड़ने के साथ उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के दूसरे चरण की तैयारियां तेज हो गई हैं। 15 सितंबर से यात्रा का दूसरा चरण शुरू होने जा रहा है। इस बार श्रद्धालुओं की संख्या नया रिकॉर्ड बनाने की उम्मीद है। यात्रा प्रशासन को इस सीजन में 55 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के चारधाम पहुंचने का अनुमान है।

चारधाम यात्रा प्रशासन के ओएसडी प्रजापति नौटियाल के अनुसार, यात्रा मार्गों पर भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, कठिन स्थानों और यातायात जाम वाले संवेदनशील बिंदुओं को चिह्नित कर आवश्यक सुधार किए गए हैं। प्रशासन का लक्ष्य दूसरे चरण में श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा उपलब्ध कराना है।

इस वर्ष यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। अब तक 64 लाख से अधिक यात्रियों ने पंजीकरण कराया है, जबकि 50 लाख 61 हजार से अधिक श्रद्धालु चारधाम के दर्शन कर चुके हैं। पिछले वर्ष करीब 59 लाख पंजीकरण हुए थे और 51 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने चारों धामों की यात्रा पूरी की थी।

प्रशासन का अनुमान है कि यात्रा का कुल आंकड़ा इस वर्ष 55 लाख के पार जा सकता है। यात्रा के दूसरे चरण में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए मार्गों, यातायात, स्वास्थ्य और सुरक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा रहा है।

केदारनाथ यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर सेवा भी 15 सितंबर से दोबारा शुरू करने की तैयारी है। इसके लिए नागरिक उड्डयन विभाग, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया और डीजीसीए के साथ समन्वय किया जा रहा है। मौसम और सुरक्षा मानकों की जांच के बाद हवाई सेवाएं संचालित की जाएंगी।

प्रशासन ने ठंड बढ़ने की संभावना को देखते हुए भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। विभिन्न स्थानों पर अलाव समेत आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और गढ़वाल आयुक्त की ओर से यात्रा व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा की जा रही है।

Popular Articles