Top 5 This Week

Related Posts

चढ़ावा चोरी से चीन सीमा तक… CWC में खरगे ने PM मोदी की चुप्पी पर उठाए सवाल

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) की बैठक में केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर कई मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने युवाओं के भविष्य, पेपर लीक, राम मंदिर से जुड़े कथित चंदा घोटाले और चीन की ओर से सीमा पर कथित अतिक्रमण को लेकर सरकार से जवाब मांगा।

खरगे ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश के युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था और रोजगार के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए आरोप लगाया कि भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक और नियुक्तियों में देरी से युवाओं में असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने कांग्रेस की ओर से युवाओं के लिए ‘एजुकेशन-टू-एम्प्लॉयमेंट रोडमैप’ तैयार करने की बात कही।

कांग्रेस अध्यक्ष ने राम मंदिर से जुड़े कथित चंदे और संपत्तियों में अनियमितता के आरोपों का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कथित चुप्पी पर सवाल करते हुए जवाब देने और माफी मांगने की मांग की। कांग्रेस ने इस मामले में स्वतंत्र जांच और मंदिर ट्रस्ट के खातों व संपत्तियों के व्यापक ऑडिट की मांग भी उठाई है।

खरगे ने चीन के साथ सीमा विवाद को लेकर भी केंद्र सरकार को घेरा। कांग्रेस ने अरुणाचल प्रदेश में चीन की कथित घुसपैठ और सीमा संबंधी चिंताओं को प्रमुख राजनीतिक मुद्दा बनाने का फैसला किया है। पार्टी का कहना है कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों में सरकार को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

CWC बैठक में कांग्रेस ने पेपर लीक के खिलाफ ‘छात्रों की गूंज’ अभियान को देश के करीब 800 शहरों तक ले जाने का फैसला किया। पार्टी ने शिक्षित युवाओं में बढ़ती बेरोजगारी को भी गंभीर समस्या बताया। कांग्रेस के मुताबिक, युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर राज्यों में शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था में सुधार की ठोस योजनाएं तैयार की जाएंगी।

खरगे के इन आरोपों के बाद युवाओं, रोजगार, राम मंदिर और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे मुद्दों पर केंद्र और विपक्ष के बीच राजनीतिक टकराव और तेज होने के संकेत हैं।

Popular Articles