हल्द्वानी। मुखानी थाना पुलिस ने घर में हुई लाखों रुपये की चोरी का सफल खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया सोने का मंगलसूत्र और अंगूठी बरामद की है। बरामद आभूषणों की कीमत करीब 4.50 लाख रुपये बताई गई है।
थानाध्यक्ष सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस ने बताया कि 18 जुलाई को सत्य विहार, ओमकार कॉलोनी निवासी कुसुम जोशी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। तहरीर में बताया गया कि 13 से 18 जुलाई के बीच अज्ञात चोर ने उनके माता-पिता के घर का ताला तोड़कर करीब ढाई तोले का सोने का मंगलसूत्र और आधे तोले की सोने की अंगूठी चोरी कर ली थी।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। इसके बाद मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आनंदपुर गांव से श्याम सिंह निवासी जवाहर नगर, बनभूलपुरा को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर चोरी किया गया सोने का मंगलसूत्र और अंगूठी बरामद कर ली गई। बरामदगी के बाद मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले भी चोरी, गैंगस्टर एक्ट, आबकारी अधिनियम समेत विभिन्न मामलों में कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष सुशील जोशी, उपनिरीक्षक दीपा जोशी, कांस्टेबल रविंद्र खाती, सुनील आगरी और धीरज सूगड़ा की टीम शामिल रही।




