फोटो 1हल्द्वानी। नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच बनभूलपुरा पुलिस ने गौला पार्किंग में चेकिंग के दौरान एक युवक को स्मैक के साथ दबोच लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से 3.39 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस के अनुसार नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कोतवाली बनभूलपुरा क्षेत्र में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान गौला पार्किंग के पास संदिग्ध गतिविधि के आधार पर एक युवक को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से स्मैक बरामद होने का दावा किया गया।
पुलिस ने मौके से मौ. फूलबाबू पुत्र मौ. सलीम, निवासी चिराग अली मजार के पास झोपड़ी, बनभूलपुरा को गिरफ्तार कर लिया। मामले में कोतवाली बनभूलपुरा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
तीन सदस्यीय टीम ने दबोचा
कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में उप निरीक्षक जगवीर सिंह, हेड कांस्टेबल गुरमेज सिंह और कांस्टेबल दिलशाद अहमद शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।





