गुवाहाटी। असम के गुवाहाटी में सोमवार रात एक होटल में हुई अंधाधुंध गोलीबारी में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। मृतकों में एक ही परिवार के चार सदस्य शामिल हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने वारदात के करीब एक घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से पिस्तौल भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, गोलीबारी सोमवार रात करीब नौ बजे गुवाहाटी के बोरा सर्विस इलाके में स्थित होटल बिलास इन में हुई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की वरिष्ठ टीमें मौके पर पहुंचीं और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। गोली लगने से घायल छह लोगों में से पांच ने दम तोड़ दिया, जबकि एक का अस्पताल में उपचार जारी है।
लीज विवाद में गोलीबारी की आशंका
गुवाहाटी के पुलिस आयुक्त पार्थ सारथी महंत ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे होटल की लीज को लेकर विवाद होने की आशंका सामने आई है। बताया जा रहा है कि होटल के मालिक पक्ष और होटल को लीज पर लेने वाले व्यक्ति के बीच विवाद था। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
पुलिस ने आरोपी की पहचान घनकांत गोगोई के रूप में की है। उसे घटना के एक घंटे के भीतर पकड़ लिया गया। पुलिस ने कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्तौल भी जब्त कर ली है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
वैज्ञानिक तरीके से जांच में जुटी पुलिस
पुलिस आयुक्त के मुताबिक, मृतकों में चार लोग एक ही परिवार के थे, जबकि पांचवां व्यक्ति उसी गांव का रहने वाला था। घायल व्यक्ति भी उसी गांव का बताया गया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और मामले की वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद गोलीबारी की परिस्थितियों और विवाद की वास्तविक वजह का खुलासा हो सकेगा।





