रुद्रप्रयाग। गुप्तकाशी क्षेत्र में मंगलवार शाम एक बाइक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में बाइक सवार तीन युवक घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और अभियान चलाकर तीनों घायलों को सुरक्षित खाई से बाहर निकाला।
हादसा सेमी-भैंसारी गांव के समीप हुआ। बताया गया कि बाइक पर तीन युवक सवार थे। वाहन के अनियंत्रित होने के बाद वह सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। सूचना मिलने पर राहत एवं बचाव दल तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुआ। दुर्गम क्षेत्र होने के कारण टीम को रेस्क्यू के दौरान काफी मशक्कत करनी पड़ी।
संयुक्त रेस्क्यू टीम ने खाई में फंसे तीनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें 108 एंबुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए अगस्त्यमुनि अस्पताल भेजा गया। घायलों की पहचान संदीप (22), विजय (19) और सुरजीत (21) के रूप में हुई है। तीनों उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के निवासी बताए गए हैं।
तीनों घायलों का अगस्त्यमुनि के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार चल रहा है। घटना के बाद पुलिस ने हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई। राहत एवं बचाव टीम की त्वरित कार्रवाई से तीनों युवकों को समय रहते खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया जा सका।





