Top 5 This Week

Related Posts

गणपति बप्पा मोरया से गूंजेगा हल्द्वानी, 20 से अधिक स्थानों पर होगी गणेश प्रतिमाओं की स्थापना

हल्द्वानी, 14 सितंबर। गणेश चतुर्थी के साथ हल्द्वानी शहर सोमवार से गणपति महोत्सव के रंग में रंगने जा रहा है। शहर में जगह-जगह भगवान गणेश की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी और ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से माहौल भक्तिमय होगा। इस वर्ष शहर में 20 से अधिक स्थानों पर विधि-विधान के साथ गणपति की स्थापना की जाएगी।

वैश्य महासभा का 23वां गणेश महोत्सव भी सोमवार से शुरू होगा। आयोजकों के अनुसार, सुबह नौ बजे भगवान गणपति की प्रतिमा की स्थापना और पूजा-अर्चना के साथ महोत्सव का शुभारंभ किया जाएगा। इसके बाद प्रतिदिन सुबह पूजा और शाम को प्रवचन के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। महोत्सव का समापन 20 सितंबर को गणपति विसर्जन के साथ होगा।

40 सांस्कृतिक दलों के 1500 कलाकार दिखाएंगे प्रतिभा

महोत्सव के दौरान हल्द्वानी के करीब 40 सांस्कृतिक समूहों से जुड़े लगभग 1500 कलाकार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। 17 सितंबर को चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित होगी, जबकि 19 सितंबर को ‘रन फॉर गणेशा’ और रामलीला मैदान में दही-हांडी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसी दिन इंडिया गॉट टैलेंट के विजेता की ओर से नृत्य नाटिका भी प्रस्तुत की जाएगी।

20 सितंबर को निकलेगी भव्य शोभायात्रा

महोत्सव के अंतिम दिन 20 सितंबर को गणपति की भव्य शोभायात्रा नगर भ्रमण करते हुए रानीबाग पहुंचेगी। यहां विधि-विधान से गणपति प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। इसी दिन रामलीला मैदान में दोपहर एक बजे हवन के बाद विशाल भंडारे का आयोजन भी होगा।

गणेश स्थापना के लिए शुभ मुहूर्त सुबह से दोपहर तक बताया गया है। ज्योतिषाचार्य के अनुसार, अभिजीत मुहूर्त सुबह 11:44 बजे से दोपहर 12:34 बजे तक रहेगा।

Popular Articles