Top 5 This Week

Related Posts

कैंची धाम जाने से पहले जान लें ट्रैफिक प्लान, भारी वाहनों पर रोक, टैक्सी और दोपहिया वाहनों की नो एंट्री

धनतेरस और वीकेंड पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने बदला यातायात रूट, दो पार्किंग स्थलों से मिलेगी शटल सेवा

हल्द्वानी। धनतेरस और वीकेंड पर कैंची धाम, भवाली और भीमताल में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं व पर्यटकों की भीड़ के बीच यातायात व्यवस्था संभालना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनने जा रहा है। संभावित जाम और अव्यवस्था से निपटने के लिए नैनीताल पुलिस ने यातायात प्लान लागू किया है। भारी वाहनों से लेकर बसों, चौपहिया वाहनों और निजी पर्यटक वाहनों तक के लिए अलग-अलग प्रतिबंध और डायवर्जन निर्धारित किए गए हैं। कैंची धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को पार्किंग के बाद शटल सेवा का सहारा लेना होगा।

यातायात प्लान के तहत सुबह तीन बजे से रात 11 बजे तक सभी प्रकार के भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहनों को जनपद की सीमा पर ही रोक दिया जाएगा।
सुबह पांच बजे से रात आठ बजे तक बसों और चौपहिया वाहनों के लिए डायवर्जन प्रभावी रहेगा। अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन लमगड़ा, धनाचूली, धारी, खुटानी बैंड और भीमताल होते हुए गंतव्य तक पहुंचेंगे हल्द्वानी, काठगोदाम और मैदानी क्षेत्रों से पहाड़ी जिलों की ओर जाने वाले वाहन खुटानी बैंड, भीमताल, धारी और धनाचूली बैंड से होकर जाएंगे काठगोदाम से रानीखेत जाने वाले वाहन खुटानी बैंड से डायवर्ट होकर मुक्तेश्वर और रामगढ़ मार्ग का इस्तेमाल करेंगे।

कैंची धाम जाने वाले निजी वाहनचालकों के लिए दो प्रमुख पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। भीमताल मार्ग से आने वाले पर्यटक अपने वाहन विकास भवन पार्किंग, भीमताल में खड़े करेंगे। यहां से भवाली और कैंची धाम मंदिर तक शटल सेवा उपलब्ध होगी ज्योलीकोट-गेठिया-नैनीताल मार्ग से आने वाले वाहन भवाली सैनेटोरियम पार्किंग में पार्क होंगे। यहां से कैंची धाम मंदिर तक शटल सेवा मिलेगी।भीमताल, नैनीताल और ज्योलीकोट की ओर से खैरना, गरमपानी और बेतालघाट जाने वाले स्थानीय वाहन दूनीखाल-रातीघाट मोटर मार्ग से अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।भीमताल से अल्मोड़ा, रानीखेत और कैंची धाम जाने वाले वाहन नैनी बैंड प्रथम से सैनेटोरियम बाईपास मोटर मार्ग होते हुए शिप्रा पुल भवाली के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी, दोपहिया वाहनों और पीली नंबर प्लेट वाले दोपहिया वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

पुलिस ने आमजन और पर्यटकों से निर्धारित डायवर्जन, पार्किंग और शटल व्यवस्था का पालन करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि यातायात नियमों का पालन कर अनावश्यक जाम और असुविधा से बचा जा सकता है। श्रद्धालु अपनी यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए पुलिस का सहयोग करें।

Popular Articles