Top 5 This Week

Related Posts

केदारनाथ पैदल मार्ग पर पत्थर गिरने से महिला तीर्थयात्री की मौत, तीन घंटे रुकी यात्रा

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ पैदल मार्ग पर रविवार सुबह चीरबासा के पास पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने की घटना में महाराष्ट्र की एक महिला तीर्थयात्री की मौत हो गई। हादसे के बाद सुरक्षा के मद्देनजर यात्रियों की आवाजाही रोक दी गई। करीब तीन घंटे तक मार्ग को सुरक्षित करने का काम चला, जिसके बाद यात्रा फिर से सुचारू कर दी गई।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार के अनुसार, महाराष्ट्र से आए श्रद्धालु रविवार सुबह गौरीकुंड से केदारनाथ धाम की ओर जा रहे थे। चीरबासा के पास पहुंचते ही पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने लगे। इसी दौरान मंगल अपाराव सिंधे (60) इसकी चपेट में आ गईं। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही मार्ग पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने यात्रियों को आगे बढ़ने से रोक दिया। यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोककर मार्ग से पत्थर और मलबा हटाया गया। करीब तीन घंटे बाद जब रास्ता सुरक्षित घोषित किया गया, तब श्रद्धालुओं को आगे जाने की अनुमति दी गई। इस दौरान यात्री भगवान शिव के जयकारे लगाते रहे।

हादसे के बाद डीडीआरएफ और वाईएमएफ की टीम ने महिला का शव गौरीकुंड पहुंचाया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया गया।

केदारनाथ पैदल मार्ग पर पहाड़ी से पत्थर गिरने की घटनाओं को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ाई गई है। प्रशासन और सुरक्षा दल मार्ग की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

Popular Articles