पटना। बिहार की राजनीति और बुनियादी ढांचे के विकास से जुड़ी एक बड़ी घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गंगा नदी पर बन रहे कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर छह लेन पुल का नाम पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर रखने का ऐलान किया है। अब यह पुल ‘नीतीश सेतु’ के नाम से जाना जाएगा।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिहार दौरे के दौरान इस महत्वाकांक्षी पुल को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री वैशाली जिले के राजापाकर में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे।
गंगा नदी पर बना यह पुल बिहार की महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना परियोजनाओं में शामिल है। इसकी मुख्य लंबाई करीब 9.76 किलोमीटर है, जबकि पहुंच मार्गों सहित पूरी परियोजना की लंबाई लगभग 19.76 किलोमीटर है। इस परियोजना पर करीब 4,988 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
इस पुल के शुरू होने से पटना और उत्तर बिहार के बीच आवागमन अधिक सुगम होगा। खासतौर पर वैशाली, हाजीपुर, समस्तीपुर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को इसका लाभ मिलेगा। इसके अलावा पटना और हाजीपुर के बीच गांधी सेतु पर यातायात का दबाव भी कम होने की उम्मीद है।
उल्लेखनीय है कि इस पुल का निर्माण पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल में शुरू हुआ था। वे कई बार निर्माण कार्य का निरीक्षण भी कर चुके थे। पिछले वर्ष 23 जून को पुल के पहले चरण में कच्ची दरगाह से राघोपुर तक आवागमन शुरू किया गया था।
पुल का नाम नीतीश कुमार के नाम पर रखे जाने को उनके कार्यकाल में शुरू हुई इस महत्वपूर्ण परियोजना के प्रति सम्मान के रूप में देखा जा रहा है।




