दस्तावेजों की जांच में खुली पोल, कॉलेज प्रशासन ने की कार्रवाई; एक छात्र ने लिया ही नहीं था दाखिला
हल्द्वानी। डॉक्टर बनने की राह में फर्जी प्रमाण पत्रों का सहारा लेने का मामला सामने आने से हल्द्वानी के राजकीय मेडिकल कॉलेज में हड़कंप मच गया है। एमबीबीएस प्रवेश प्रक्रिया के दौरान छह छात्रों के प्रमाण पत्र फर्जी पाए गए हैं। कॉलेज प्रशासन ने पुष्टि के बाद संबंधित मामलों में कार्रवाई की है। चौंकाने वाली बात यह है कि इनमें एक छात्र ने दाखिला ही नहीं लिया था।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अजय आर्य के अनुसार, शैक्षणिक सत्र 2026-27 में एमबीबीएस प्रथम वर्ष के प्रवेश से जुड़े ये मामले पिछले करीब 15 दिनों में सामने आए। प्रमाण पत्रों को सत्यापन के लिए संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों के पास भेजा गया था। वहां से दस्तावेज फर्जी होने की पुष्टि मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की गई।
प्राचार्य ने बताया कि छह मामलों में एक छात्र ने प्रवेश नहीं लिया था, जबकि अन्य मामले दाखिले से जुड़े हैं। इस खुलासे के बाद प्रवेश प्रक्रिया में जमा किए जाने वाले प्रमाण पत्रों की सत्यता और सत्यापन व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। कॉलेज प्रशासन का कहना है कि प्रमाण पत्रों की स्थिति स्पष्ट होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाती है।




