तस्करी का नया तरीका, बुलेरो वाहन में वीआईपी सफेद रंग के पर्दे लगाकर अवैध अंग्रेजी शराब की तस्करी
रुद्रपुर। एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर जनपद में ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स एवं कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने नशीले पदार्थों के तस्करों के खिलाफ संयुक्त बड़ी कार्रवाई करते हुए 28 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। टीम ने तस्कर के कब्जे से बुलेरो वाहन भी बरामद किया, जिसमें अंग्रेजी शराब की पेटियां लदी हुई थीं।
जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत एसपी सिटी डॉ. उत्तम सिंह नेगी के निर्देशानुसार तथा क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन सर्किल रुद्रपुर वैभव सैनी के पर्यवेक्षण में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स प्रभारी निरीक्षक मनोज रतूड़ी एवं प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रुद्रपुर प्रकाश सिंह दानू के नेतृत्व में यूनिट ने पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त कार्रवाई की। बुधवार की रात भूरारानी जाने वाले कट के पास संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग की जा रही थी।
इस दौरान पुलिस ने वीआईपी जैसी एक बुलेरो वाहन को रोका। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें अंग्रेजी शराब की 28 पेटियां बरामद हुईं। सीओ सिटी ने बताया कि बरामद अंग्रेजी शराब तस्करी के लिए ले जाई जा रही थी।
पूछताछ में वाहन चालक ने अपना नाम रमेश सिंह गुरौ पुत्र गंगा सिंह गुरौ, निवासी ग्राम पाबै, थाना गंगोलीहाट, जिला पिथौरागढ़ बताया। पुलिस ने तस्कर के खिलाफ धारा 60/72 आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर वाहन को सीज कर दिया। पुलिस यह पता लगाने के लिए पूछताछ कर रही है कि यह शराब तस्करी कर कहां ले जाई जा रही थी।
तस्करी का तरीका: बुलेरो वाहन में वीआईपी सफेद रंग के पर्दे लगाकर अवैध अंग्रेजी शराब की तस्करी की जा रही थी।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में चौकी प्रभारी तेल मिल प्रियांशु जोशी, हेड कांस्टेबल एएनटीएफ भुवन चंद्र पांडेय, विनोद खत्री (एएनटीएफ), हरीश बिष्ट (कोतवाली रुद्रपुर), सूरज कुमार (कोतवाली रुद्रपुर) सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।





