रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के पंचकेदारों में द्वितीय केदार के रूप में पूजित भगवान मद्महेश्वर की चल उत्सव विग्रह डोली गुरुवार को विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उनके शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ पहुंच गई। इसके साथ ही भगवान मद्महेश्वर की भोग मूर्तियों को मंदिर के गर्भगृह में स्थापित कर दिया गया। अब आगामी छह माह तक श्रद्धालु ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में ही भगवान के दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे।
जयकारों और मंगल गीतों के बीच पहुंची डोली
गुरुवार सुबह आठ बजे भगवान मद्महेश्वर की डोली अपने अंतिम रात्रि प्रवास स्थल गिरिया गांव से ऊखीमठ के लिए रवाना हुई। रास्ते में पिलोंजी, फाफंज और पाली होते हुए डोली सुबह करीब पौने बारह बजे मंगोलीचारी पहुंची। यहां केदारनाथ धाम के रावल भीमाशंकर लिंग ने डोली की अगवानी की और उसे सोने का छत्र धारण कराया।
इसके बाद डोली ब्राह्मणखोली, प्रेमनगर और डंगवाड़ी होते हुए दोपहर करीब डेढ़ बजे ओंकारेश्वर मंदिर परिसर पहुंची। इस दौरान सैकड़ों श्रद्धालुओं ने बाबा के जयकारों और महिलाओं ने पारंपरिक मंगल गीतों के साथ डोली का स्वागत किया।
पुष्परथ की परिक्रमा के बाद गर्भगृह में स्थापित हुईं मूर्तियां
मंदिर पहुंचने पर डोली को सभामंडप में विराजमान किया गया। इसके बाद भगवान मद्महेश्वर की भोग मूर्तियों को बूढ़ा मद्महेश्वर के पुष्परथ में विराजमान कर मंदिर की परिक्रमा कराई गई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। परिक्रमा के बाद पुष्परथ के फूल श्रद्धालुओं को प्रसाद के रूप में वितरित किए गए।
इसके पश्चात पुजारियों शिवशंकर लिंग, बागेश लिंग, गंगाधर लिंग और शिव लिंग की मौजूदगी में वेदपाठी विश्वमोहन जमलोकी, यशोधर मैठाणी और आशाराम नौटियाल ने वैदिक मंत्रोच्चार किया। धार्मिक परंपराओं के अनुसार भगवान मद्महेश्वर की भोग मूर्तियों को गर्भगृह में स्थापित किया गया।
इस अवसर पर केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, मंदिर समिति के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। भगवान मद्महेश्वर के शीतकालीन प्रवास के लिए ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचने के साथ ही क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल बना हुआ है।





