Top 5 This Week

Related Posts

उत्तराखंड में 2027 टिकट से पहले भाजपा विधायकों का रिपोर्ट कार्ड तैयार, प्रदर्शन के आधार पर होगा फैसला

हल्द्वानी। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में जुटी भाजपा ने अपने मौजूदा विधायकों के कामकाज और संगठन में पकड़ का आकलन तेज कर दिया है। हल्द्वानी में बुधवार से शुरू हो रही प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को इसी कवायद का महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की मौजूदगी में विधायकों और मंत्रियों के प्रदर्शन के साथ संगठन की जमीनी स्थिति पर भी मंथन होगा।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, आगामी चुनाव में टिकट का आधार केवल मौजूदा विधायक की लोकप्रियता या पिछले चुनाव का प्रदर्शन नहीं होगा। जनता के बीच सक्रियता, कार्यकर्ताओं से तालमेल, बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती और सरकार की योजनाओं का क्षेत्र में प्रभाव जैसे बिंदुओं पर भी फीडबैक लिया जाएगा। जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों, मोर्चा अध्यक्षों और संगठन के अन्य पदाधिकारियों से मिली रिपोर्ट को अहम माना जाएगा।

कमजोर प्रदर्शन वालों पर नजर

भाजपा नेतृत्व उन विधायकों की पहचान करना चाहता है, जिनके क्षेत्र में जनता या कार्यकर्ताओं के बीच नाराजगी है। जिन विधायकों की रिपोर्ट कमजोर आती है, उनकी सीट पर नए चेहरे या मजबूत दावेदारों के नाम पर विचार हो सकता है। हालांकि, पार्टी ने अभी टिकट काटने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।

इससे पहले भी भाजपा की संगठनात्मक बैठकों में विधायकों की लोकप्रियता, कार्यकर्ताओं की नाराजगी, स्थानीय परिस्थितियों और संभावित मजबूत दावेदारों को टिकट के प्रमुख पैमानों के रूप में सामने रखा गया है। मंडल और जिला स्तर से मिलने वाले फीडबैक को इस प्रक्रिया में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर

प्रदेश कार्यसमिति में आगामी छह महीनों की चुनावी रणनीति पर भी चर्चा होगी। पार्टी का लक्ष्य बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करना और सरकार की योजनाओं को अधिक प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाना है। हल्द्वानी बैठक में करीब 597 प्रतिनिधियों के शामिल होने की जानकारी है। इसके बाद प्रदेश पदाधिकारियों और कोर ग्रुप की बैठक में चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने पर मंथन होगा।

भाजपा उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की रणनीति पर काम कर रही है। ऐसे में मौजूदा विधायकों का रिपोर्ट कार्ड और संगठन की जमीनी स्थिति आगामी टिकट वितरण में अहम भूमिका निभा सकती है।

Popular Articles