देहरादून। उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक स्तर पर छह अधिकारियों के दायित्वों में फेरबदल किया है। कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-01 की ओर से 25 अगस्त को जारी आदेश के तहत तीन आईएएस अधिकारियों समेत सचिवालय सेवा और पीसीएस के अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। नए आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किए गए हैं।
आईएएस अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे को अपर सचिव, गृह विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है। जोगदंडे के पास अपर सचिव आयुष एवं आयुष शिक्षा, निर्वाचन, स्टाफ ऑफिसर मुख्य सचिव तथा अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी की जिम्मेदारियां भी बनी रहेंगी।
आईएएस डॉ. आनंद श्रीवास्तव को अपर सचिव नागरिक उड्डयन तथा महानिदेशक कृषि एवं उद्यान का दायित्व दिया गया है। उन्हें अपर सचिव राजस्व की जिम्मेदारी से मुक्त किया गया है। वहीं आईएएस विनोद गिरी गोस्वामी से अपर सचिव आवास विभाग का दायित्व हटा लिया गया है। उनके पास शहरी विकास विभाग और भागीरथी नदी घाटी विकास प्राधिकरण से संबंधित अन्य जिम्मेदारियां यथावत रहेंगी।
पीसीएस अधिकारी सुंदर लाल सेमवाल को अपर सचिव समाज कल्याण विभाग की जिम्मेदारी से कार्यमुक्त किया गया है। उनकी सचिवालय प्रशासन, प्रबंध निदेशक बहुउद्देशीय वित्त विकास निगम और आयुक्त दिव्यांगजन से जुड़ी अन्य जिम्मेदारियां जारी रहेंगी।
सचिवालय सेवा के सुनील सिंह को अपर सचिव आवास विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं महिमा रैकली, जो फिलहाल बाध्य प्रतीक्षा में थीं, को अपर सचिव राजस्व एवं सैनिक कल्याण विभाग का दायित्व सौंपा गया है। शासन ने सभी अधिकारियों को नई जिम्मेदारियों का तत्काल कार्यभार संभालने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासनिक हलकों में इस फेरबदल को आगामी व्यापक प्रशासनिक बदलावों की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है। सूत्रों के अनुसार सितंबर के मध्य के बाद जिलों में तैनात अधिकारियों समेत बड़े स्तर पर तबादले किए जाने की संभावना है, हालांकि इस संबंध में अंतिम निर्णय शासन स्तर पर ही होगा।





