Top 5 This Week

Related Posts

उत्तराखंड में अटैचमेंट पर फिर विवाद: शिक्षा मंत्री के नाम से वायरल पत्र ने बढ़ाई हलचल, जांच के आदेश

बागेश्वर। उत्तराखंड सरकार द्वारा शिक्षा विभाग में कर्मचारियों के अटैचमेंट (संबद्धीकरण) की व्यवस्था समाप्त करने के दावों के बीच बागेश्वर से एक वायरल पत्र ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। सोशल मीडिया पर शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के नाम से जारी एक पत्र सामने आया है, जिसमें एक कर्मचारी को बीईओ कार्यालय में अटैच करने की सिफारिश की गई है। पत्र वायरल होने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, करुली निवासी एक महिला ने अपने पुत्र, जो एक अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालय में लिपिक के पद पर कार्यरत हैं, को स्वास्थ्य संबंधी कारणों का हवाला देते हुए बीईओ कार्यालय कपकोट में अटैच करने का अनुरोध किया था। इसी संदर्भ में मंत्री कार्यालय के नाम से जारी कथित पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

मामला सामने आने के बाद शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने पत्र पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अटैचमेंट की व्यवस्था समाप्त करने के स्पष्ट निर्देश पहले ही दिए जा चुके हैं। मंत्री ने सवाल उठाया कि एक अशासकीय विद्यालय के कर्मचारी को सरकारी कार्यालय में किस नियम के तहत संबद्ध किया गया। उन्होंने आशंका जताई कि या तो उनके कार्यालय से गलत तरीके से पत्र जारी हुआ है या फिर उनके हस्ताक्षरों का दुरुपयोग किया गया है।

शिक्षा मंत्री ने मुख्य शिक्षा अधिकारी (सीईओ) को तत्काल संबंधित कर्मचारी का अटैचमेंट निरस्त कर मूल विद्यालय में भेजने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पूरे मामले की विस्तृत जांच कराने और यदि फर्जीवाड़ा या लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने को कहा है।

इस घटना के बाद सरकार की अटैचमेंट समाप्त करने की नीति पर भी सवाल उठने लगे हैं। विभागीय स्तर पर अब इस बात की जांच की जा रही है कि वायरल पत्र वास्तविक है या फर्जी, और इसके पीछे किसकी भूमिका रही।

Popular Articles