Top 5 This Week

Related Posts

उत्तराखंड चुनाव 2027 के लिए बसपा ने तेज की तैयारी, बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने का बनाया प्लान

हरिद्वार। उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी का पूरा जोर प्रदेश से लेकर जिला, विधानसभा और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने पर है। इसी रणनीति के तहत शुक्रवार को शिवालिक नगर स्थित बसपा के प्रदेश कार्यालय में लोकसभा स्तरीय बैठक आयोजित की गई। इसमें पार्टी पदाधिकारियों को चुनावी तैयारियों में पूरी ताकत से जुटने के निर्देश दिए गए।

बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पार्टी के प्रदेश प्रभारी राजा राम ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती के निर्देश पर विधानसभा, जिला और प्रदेश के जोनल कोऑर्डिनेटरों को संगठन की सभी कमेटियां गठित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इस दिशा में काफी काम पूरा हो चुका है। अब पदाधिकारियों को वर्ष 2026-27 के चुनावी अभियान को ध्यान में रखते हुए सक्रियता बढ़ानी होगी।

बूथ मजबूत होंगे तो जीत का रास्ता होगा आसान

बसपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश कुमार गौतम ने कहा कि संगठन ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। बूथ स्तर तक संगठन मजबूत होने से चुनाव में बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं। उन्होंने पदाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।

बसपा विधायक हाजी मोहम्मद शहजाद अली ने भी बूथ कमेटियों को मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देशों के अनुरूप सभी कार्यकर्ताओं को अपने-अपने बूथ तैयार करने होंगे। जमीनी स्तर पर संगठन की मजबूती ही चुनावी सफलता का आधार बनेगी।

छह दिसंबर के कार्यक्रम की भी तैयारी

बैठक में छह दिसंबर को बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर प्रदेशभर में श्रद्धांजलि सभाएं और कार्यक्रम आयोजित करने को लेकर भी चर्चा हुई। इन कार्यक्रमों में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने की जानकारी दी गई।

बैठक का संचालन जिलाध्यक्ष मदनपाल ने किया। इस दौरान प्रदेश और जिला स्तर के कई पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Popular Articles