Top 5 This Week

Related Posts

उत्तराखंड के पहले यमुना घाट का 17 सितंबर को होगा लोकार्पण, हरिपुर बनेगा नया धार्मिक केंद्र

देहरादून। उत्तराखंड के देहरादून जिले के कालसी क्षेत्र स्थित हरिपुर में राज्य के पहले विकसित यमुना घाट का लोकार्पण 17 सितंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे। इस अवसर पर यमुना तट पर स्थापित मां यमुना की प्रतिमा का भी लोकार्पण किया जाएगा। कार्यक्रम में साधु-संतों और स्थानीय लोगों के शामिल होने की संभावना है।

हरिपुर को यमुना के पहाड़ी क्षेत्र से निकलकर मैदानी भूभाग में प्रवेश करने वाले प्रमुख स्थलों में माना जाता है। क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने के उद्देश्य से यहां घाट का विकास किया गया है। स्थानीय स्तर पर हरिपुर को ‘यमुनाद्वार’ और ‘यमुना का हरिद्वार’ भी कहा जाता रहा है।

हरिपुर की विशेषता यहां होने वाला नदियों का संगम भी है। यमुना के साथ टौंस (तमसा), अमलावा और नौरा नदियों का संगम इस क्षेत्र को प्राकृतिक और धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बनाता है। इसके अलावा हरिपुर जौनसार-बावर की समृद्ध जनजातीय संस्कृति के प्रवेश द्वार के रूप में भी जाना जाता है।

घाट का निर्माण मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की ओर से कराया गया है। इसके विकसित होने से हरिपुर में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने और स्थानीय स्तर पर पर्यटन गतिविधियों के विस्तार की उम्मीद है।

17 सितंबर का दिन इस आयोजन के लिए विशेष है। इसी दिन विश्वकर्मा दिवस के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिवस भी है। कार्यक्रम के दौरान यमुना तट पर पहली आरती प्रधानमंत्री मोदी के नाम से किए जाने की जानकारी सामने आई है।

घाट के लोकार्पण के साथ हरिपुर को उत्तराखंड के प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन स्थलों में विकसित करने की दिशा में एक और कदम माना जा रहा है।

Popular Articles