Top 5 This Week

Related Posts

उत्तरकाशी में 70% बगीचे तबाह, आपदा ने घर-बाग सब लील लिए

प्रदेश में अकेले उत्तरकाशी जिले में सेब, प्लम और खुमानी के 70 फीसदी बगीचे आपदा की चपेट में आकर बर्बाद हो गए। उद्यान विभाग की प्रारंभिक सर्वे रिपोर्ट के अनुसार, राज्य के 10,480.18 हेक्टेयर बगीचों में से 7,502.59 हेक्टेयर का नुकसान उत्तरकाशी में हुआ है।
धराली निवासी जय भगवान पंवार ने बताया कि उनका होटल, घर और पांच नाली भूमि पर लगे 200 सेब के पेड़—सब मलबे में तबाह हो गए। स्थानीय निवासी माधवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि कई बगीचे मलबे में दब गए और जो बचे हैं, वे बंद सड़कों के कारण बाजार तक नहीं पहुंच पा रहे।

कृषि फसलें भी प्रभावित

भटवाड़ी, क्यार्क और रैथल में आलू, राजमा, धान, सोयाबीन और चौलाई की एक हेक्टेयर से अधिक फसल को नुकसान हुआ है। धराली में सेब और राजमा की 3 हेक्टेयर से अधिक, जबकि जखोल, सुनकुण्डी, धारा, पांव मल्ला, पांव तल्ला व नूराणु में आलू, राजमा और मडुवा की 3.903 हेक्टेयर फसल बर्बाद हुई। राज्य में कुल 117 हेक्टेयर से अधिक कृषि भूमि प्रभावित हुई है।
अन्य जिलों का हाल
टिहरी जिले में 1,565 हेक्टेयर और देहरादून जिले में (डोईवाला, रायपुर, चकराता, विकासनगर क्षेत्र) 955 हेक्टेयर बगीचों को नुकसान पहुंचा है।
अपर निदेशक कृषि ए.के. उपाध्याय ने बताया कि यह प्रारंभिक सर्वे है। राजस्व, उद्यान और कृषि विभाग विस्तृत सर्वे के बाद मानक के अनुसार क्षतिपूर्ति की प्रक्रिया शुरू करेंगे।

Popular Articles