Top 5 This Week

Related Posts

इबोला अलर्ट: पुणे एयरपोर्ट पर बढ़ाई गई निगरानी, दुर्ग में तीन संदिग्ध मरीजों की पहचान

नई दिल्ली। दुनिया के कई देशों में इबोला वायरस को लेकर बढ़ती चिंता के बीच भारत में भी एहतियाती कदम तेज कर दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग के निर्देश पर पुणे एयरपोर्ट पर निगरानी और स्क्रीनिंग व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है। वहीं, छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में इबोला जैसे लक्षण वाले तीन संदिग्ध मरीजों की पहचान होने के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है।

अधिकारियों के अनुसार, पुणे एयरपोर्ट पर विदेश से आने वाले यात्रियों की विशेष जांच की जा रही है। यात्रियों के स्वास्थ्य और यात्रा इतिहास की जानकारी ली जा रही है तथा संदिग्ध लक्षण पाए जाने पर तुरंत चिकित्सकीय निगरानी में रखा जा रहा है। केंद्र सरकार ने भी सभी अंतरराष्ट्रीय प्रवेश बिंदुओं पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।

दुर्ग में मिले तीन संदिग्ध मरीजों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल किसी में भी इबोला संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, एहतियात के तौर पर मरीजों को निगरानी में रखा गया है और उनके संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।

इस बीच, देशभर के एयरपोर्ट और स्वास्थ्य संस्थानों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। केंद्र सरकार ने स्क्रीनिंग, सर्विलांस, क्वारंटीन और केस मैनेजमेंट से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की है। पुणे स्थित राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान (NIV) को इबोला जांच के लिए प्रमुख केंद्र बनाया गया है।

विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल भारत में इबोला का कोई पुष्ट मामला सामने नहीं आया है, लेकिन विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) द्वारा अफ्रीकी देशों में फैले प्रकोप को लेकर चेतावनी जारी किए जाने के बाद सतर्कता बढ़ाई गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है।

स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।

Popular Articles