नई दिल्ली। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को आय से अधिक संपत्ति के मामले में सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। शीर्ष अदालत ने बुधवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट के उस आदेश को रद्द कर दिया, जिसमें केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) और प्रवर्तन निदेशालय (ED) को राहुल गांधी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के आरोपों की जांच करने और रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया गया था।
मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने मामले को नए सिरे से सुनवाई के लिए इलाहाबाद हाईकोर्ट वापस भेज दिया। अदालत ने निर्देश दिया कि राहुल गांधी को भी याचिका में पक्षकार बनाया जाए और उनकी बात सुनने के बाद ही आगे की कार्यवाही की जाए।
भाजपा नेता ने दायर की थी याचिका
दरअसल, भाजपा कार्यकर्ता एस. विग्नेश शिशिर ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दायर कर राहुल गांधी और उनके परिवार के सदस्यों की कथित आय से अधिक संपत्ति की जांच कराने की मांग की थी। इस पर हाईकोर्ट ने मई में CBI और ED को आरोपों का सत्यापन करने का निर्देश दिया था।
बाद में हाईकोर्ट ने CBI की ओर से दाखिल हलफनामे पर असंतोष जताते हुए जांच की प्रगति का विस्तृत ब्योरा भी मांगा था। इसके बाद राहुल गांधी ने हाईकोर्ट के आदेशों को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी।
सभी पक्षों की दलीलें सुनने का निर्देश
राहुल गांधी की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने अदालत में दलील दी कि हाईकोर्ट ने उन्हें सुने बिना जांच एजेंसियों को निर्देश जारी किए थे। उन्होंने याचिका की सुनवाई योग्यता पर भी सवाल उठाए।
सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट के पूर्व आदेशों को निरस्त करते हुए कहा कि मामले की सुनवाई नए सिरे से खुली अदालत में होगी। याचिकाकर्ता को राहुल गांधी को भी पक्षकार बनाना होगा। साथ ही याचिका की सुनवाई योग्य होने सहित सभी कानूनी पहलुओं पर दोनों पक्ष अपनी दलीलें रख सकेंगे।
इस फैसले से राहुल गांधी को फिलहाल राहत मिली है, हालांकि मामले का अंतिम निपटारा अभी नहीं हुआ है। अब इलाहाबाद हाईकोर्ट में नए सिरे से सुनवाई के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।





