Top 5 This Week

Related Posts

आईआईटी रुड़की के हॉस्टल में मिला 20 वर्षीय छात्र का शव, गाजियाबाद का रहने वाला था आयुष

रुड़की। उत्तराखंड के रुड़की स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) में एक छात्र की मौत से परिसर में हड़कंप मच गया। शुक्रवार देर रात गोविंद भवन हॉस्टल के कमरे में 20 वर्षीय छात्र आयुष रजौरिया का शव मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

मृतक छात्र उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित राजनगर एक्सटेंशन का रहने वाला था। वह आईआईटी रुड़की में बीएस-एमएस (बैचलर ऑफ साइंस एंड मास्टर ऑफ साइंस) के द्वितीय वर्ष में गणित एवं कंप्यूटिंग विषय की पढ़ाई कर रहा था।

कमरे का दरवाजा तोड़कर निकाला शव

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात करीब एक बजे आईआईटी के सुरक्षा अधिकारी कुलदीप सिंह नेगी ने कोतवाली पुलिस को घटना की सूचना दी। इसके बाद कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट पुलिस टीम के साथ गोविंद भवन पहुंचे। हॉस्टल के दूसरे तल पर स्थित कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी प्रयास के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो सुरक्षा गार्डों की मदद से उसे तोड़ा गया। अंदर छात्र मृत अवस्था में मिला।

सूचना पर आईआईटी अस्पताल के चिकित्सक भी मौके पर पहुंचे। जांच के बाद छात्र को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल रुड़की भेज दिया।

परिजनों को दी गई सूचना

घटना की जानकारी छात्र के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस ने मौके पर फील्ड यूनिट को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। इसके साथ ही छात्र के लैपटॉप की भी जांच की गई। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराई गई है।

पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होगी।

आईआईटी प्रशासन ने जताया दुख

संस्थान प्रशासन ने छात्र की मौत पर गहरा दुख जताया है। आईआईटी रुड़की ने बयान जारी कर कहा कि संस्थान पुलिस जांच में पूरा सहयोग कर रहा है। साथ ही पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। संस्थान ने लोगों से परिवार की निजता का सम्मान करने और घटना को लेकर अपुष्ट जानकारी साझा नहीं करने की अपील की है।

Popular Articles