Top 5 This Week

Related Posts

असम में बाढ़ से भारी तबाही, हालात सामान्य होने में लगेगा समय: जेपी नड्डा

गुवाहाटी। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने बुधवार को असम के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर हालात का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि राज्य में आई भीषण बाढ़ से बड़े पैमाने पर जनजीवन और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है तथा स्थिति को पूरी तरह सामान्य होने में अभी समय लगेगा। केंद्र सरकार राहत और पुनर्वास कार्यों में राज्य सरकार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी।

जेपी नड्डा ने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा के साथ शिवसागर जिले के बाढ़ प्रभावित नेपाली खूटी गांव का दौरा किया और प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने राहत शिविरों और पुनर्वास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को प्रभावित लोगों तक आवश्यक सुविधाएं शीघ्र पहुंचाने के निर्देश दिए।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बाढ़ ने सड़कों, पुलों, कृषि भूमि और सार्वजनिक संपत्तियों को व्यापक नुकसान पहुंचाया है। कई परिवारों को अपना घर छोड़कर राहत शिविरों में शरण लेनी पड़ी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार राज्य प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर राहत एवं पुनर्वास कार्यों में हरसंभव सहयोग करेगी।

नड्डा ने राहत शिविरों में उपलब्ध चिकित्सा सेवाओं और स्वास्थ्य सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने, जलजनित बीमारियों की रोकथाम तथा स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में केंद्र और राज्य सरकार मिलकर प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही हैं। प्राथमिकता लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने और जल्द से जल्द सामान्य जनजीवन बहाल करने की है।

Popular Articles