वाशिंगटन। अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ को वेटरन्स डे के मौके पर अर्लिंग्टन राष्ट्रीय कब्रिस्तान में उस समय असहज स्थिति का सामना करना पड़ा, जब अज्ञात सैनिकों की समाधि की सुरक्षा में तैनात एक अमेरिकी सैनिक ने उन्हें और उनके साथ मौजूद अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दरअसल, 11 नवंबर को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस अर्लिंग्टन राष्ट्रीय कब्रिस्तान में आयोजित वेटरन्स डे समारोह में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने देश के लिए शहीद हुए सैनिकों को श्रद्धांजलि दी।
समारोह के बाद रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ अपनी पत्नी जेनिफर और वरिष्ठ सहयोगियों के साथ अज्ञात सैनिकों की समाधि के सामने तस्वीरें खिंचवा रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद लोगों के हंसने और बातचीत करने की आवाज सुनाई दी।
सैनिक ने चिल्लाकर दिलाया नियमों का ध्यान
समाधि की सुरक्षा में तैनात अमेरिकी सेना के सैनिक ने समूह को टोकते हुए कहा कि सभी आगंतुक हर समय शांति और सम्मान का वातावरण बनाए रखें। सैनिक की इस चेतावनी के बाद हेगसेथ पीछे मुड़कर देखते नजर आए, लेकिन इसके बाद वह सीढ़ियों से आगे बढ़ गए।
अर्लिंग्टन राष्ट्रीय कब्रिस्तान स्थित अज्ञात सैनिकों की समाधि अमेरिका के सबसे सम्मानित युद्ध स्मारकों में शामिल है। यहां प्रथम और द्वितीय विश्व युद्ध तथा कोरियाई युद्ध में शहीद हुए अज्ञात सैनिकों को अंतिम विदाई दी गई थी। वर्ष 1948 से अमेरिकी सेना की थर्ड इन्फैंट्री रेजिमेंट के सैनिक यहां 24 घंटे सुरक्षा में तैनात रहते हैं।
पेंटागन ने सैनिक की कार्रवाई को सही बताया
घटना पर पेंटागन के प्रवक्ता सीन पार्नेल ने कहा कि सैनिक ने उचित और सम्मानजनक तरीके से सभी को मर्यादा बनाए रखने की याद दिलाई। उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्री और पूरा रक्षा विभाग सैन्यकर्मियों के बलिदान का हमेशा सम्मान करता रहेगा।
इस घटना के बाद डेमोक्रेटिक नेताओं ने हेगसेथ की आलोचना की। सांसद ग्वेन मूर ने कहा कि यह व्यवहार रक्षा मंत्री के पद की गरिमा के अनुरूप नहीं है।
गौरतलब है कि यह घटना हेगसेथ के खिलाफ अमेरिकी कांग्रेस में महाभियोग की कोशिश नाकाम होने के एक दिन बाद हुई है।





