Top 5 This Week

Related Posts

अमेरिका में लगातार तकनीकी व्यवधानों के बाद ट्रंप का बड़ा फैसला, व्हाइट हाउस के साइबर सुरक्षा प्रमुख सीन केर्नक्रॉस बर्खास्त

वाशिंगटन। अमेरिका में पिछले कुछ दिनों से हवाई यातायात, बैंकिंग, संचार और सरकारी सेवाओं में लगातार आ रहे तकनीकी व्यवधानों के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है। व्हाइट हाउस के राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा निदेशक सीन केर्नक्रॉस को उनके पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह रक्षा विभाग की मुख्य सूचना अधिकारी कर्स्टन डेविस अंतरिम रूप से जिम्मेदारी संभालेंगी।

समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, व्हाइट हाउस के करीबी एक सूत्र ने गुरुवार को केर्नक्रॉस को पद से हटाए जाने की पुष्टि की। सूत्र के मुताबिक, राष्ट्रपति ट्रंप ने भी इस फैसले का समर्थन किया है। बताया गया कि केर्नक्रॉस के पास इस महत्वपूर्ण पद के लिए जरूरी साइबर सुरक्षा संबंधी अनुभव और विशेषज्ञता की कमी थी।

कई अहम सेवाएं हुई थीं प्रभावित

दरअसल, अमेरिका में बीते सप्ताह कई बड़ी तकनीकी गड़बड़ियां सामने आई थीं। देशभर में हवाई यातायात प्रभावित हुआ और 18 हजार से अधिक उड़ानों पर असर पड़ा। इसके अलावा माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में व्यवधान के कारण ई-मेल और अन्य डिजिटल सुविधाएं प्रभावित हुईं। अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी (एनएसए) के आंतरिक संचार नेटवर्क में भी अस्थायी रुकावट आई थी।

इन घटनाओं के बाद ट्रंप प्रशासन की साइबर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे थे। हालांकि, अमेरिकी खुफिया अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शुरुआती जांच में इन घटनाओं के बीच किसी समन्वित साइबर हमले या विदेशी साजिश के प्रमाण नहीं मिले हैं। अधिकारियों के मुताबिक, अलग-अलग तकनीकी बदलावों, रखरखाव और सुरक्षा अपडेट के कारण ये समस्याएं सामने आई थीं।

कर्स्टन डेविस संभालेंगी जिम्मेदारी

कर्स्टन डेविस फिलहाल अमेरिकी रक्षा विभाग में मुख्य सूचना अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। उन्हें साइबर सुरक्षा, सूचना प्रौद्योगिकी और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में अनुभव है। वह अंतरिम तौर पर राष्ट्रीय साइबर निदेशक की जिम्मेदारी संभालेंगी। स्थायी नियुक्ति के लिए अमेरिकी सीनेट की मंजूरी आवश्यक होगी।

वहीं, केर्नक्रॉस ने अपने बयान में ट्रंप प्रशासन में काम करने को अपने लिए सम्मान की बात बताया। इस बदलाव के बाद अमेरिका की साइबर सुरक्षा व्यवस्था और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने की चुनौती एक बार फिर चर्चा में आ गई है।

Popular Articles