Top 5 This Week

Related Posts

अमेरिका में भारतीय मूल के वकील पर शिकंजा, फर्जी शरण आवेदनों के आरोप में 2.5 लाख डॉलर जुर्माने की कार्रवाई

वॉशिंगटन: अमेरिका में भारतीय मूल के एक इमिग्रेशन वकील पर कथित तौर पर फर्जी शरण (Asylum) आवेदन और दस्तावेज जमा करने के आरोप में बड़ी कार्रवाई की गई है। अमेरिकी अधिकारियों ने कैलिफोर्निया में प्रैक्टिस करने वाले वकील विनोद डोड्डामणि के खिलाफ 2.5 लाख डॉलर से अधिक के संभावित जुर्माने की प्रक्रिया शुरू की है।

अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग (DHS) की जांच शाखा होमलैंड सिक्योरिटी इन्वेस्टिगेशंस (HSI) ने वकील को कथित अनियमितताओं को लेकर पांच नोटिस जारी किए हैं। अधिकारियों का आरोप है कि उन्होंने भारतीय नागरिकों से जुड़े कई इमिग्रेशन मामलों में गलत जानकारी और कथित रूप से फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल किया।

जांच एजेंसी के मुताबिक, डोड्डामणि ने 32 इमिग्रेशन मामलों में 64 कथित रूप से फर्जी दस्तावेज दाखिल किए। अधिकारियों का कहना है कि कई शरण आवेदनों में उत्पीड़न की कहानियां और अन्य विवरण एक जैसे या लगभग समान पाए गए।

डोड्डामणि अमेरिका में इमिग्रेशन कानून के विशेषज्ञ वकील के तौर पर काम करते हैं और उनका कार्यालय देशभर के मामलों को संभालता है। अधिकारियों के अनुसार, वह मुख्य रूप से भारतीय नागरिकों के शरण आवेदनों की पैरवी करते थे।

अमेरिकी अधिकारियों ने कहा है कि इमिग्रेशन प्रणाली में धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब अमेरिकी प्रशासन ने फर्जी शरण दावों से जुड़े मामलों की जांच तेज करने के निर्देश दिए हैं।

मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। वकील के खिलाफ लगाए गए आरोपों पर अंतिम निर्णय संबंधित अमेरिकी प्रक्रिया के तहत होगा।

Popular Articles