कैलिफोर्निया। अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य में एक म्यूजिक कॉन्सर्ट के दौरान हुई गोलीबारी से हड़कंप मच गया। तुलारे काउंटी के स्ट्रैथमोर इलाके में शनिवार रात हुए इस हमले में नौ लोग घायल हो गए। घायलों में एक 26 वर्षीय युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे सीने में गोली लगी थी और उसकी सर्जरी करनी पड़ी।
150 से अधिक लोग कार्यक्रम में थे मौजूद
तुलारे काउंटी शेरिफ कार्यालय के अनुसार, घटना शनिवार रात करीब 7:30 बजे हुई। उस समय कॉन्सर्ट में लगभग 150 लोग मौजूद थे। इसी दौरान कुछ हमलावरों ने भीड़ पर अचानक गोलियां चलानी शुरू कर दीं। गोलीबारी के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और आपातकालीन चिकित्सा दल मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया। कई लोगों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि कुछ घायलों को निजी वाहनों से अस्पताल ले जाया गया।
तीन घायलों की करनी पड़ी सर्जरी
पुलिस के मुताबिक, गोलीबारी में घायल नौ लोगों में से तीन को सर्जरी की जरूरत पड़ी। इनमें 26 वर्षीय युवक को सीने में, 19 वर्षीय युवक को पेट में और 22 वर्षीय एक अन्य व्यक्ति को गोली लगी थी। बाकी छह लोगों को मामूली चोटें आई हैं।
गैंगवार से जुड़ा हो सकता है हमला
शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि गोलीबारी की घटना का संबंध गैंग गतिविधियों से हो सकता है। हालांकि, अधिकारियों ने हमले के पीछे की वजह और संदिग्धों की पहचान का खुलासा नहीं किया है।
पुलिस ने बताया कि कार्यक्रम में कई रैपर और कलाकार शामिल हुए थे। इनमें कुछ कलाकार दूसरे राज्यों से भी आए थे। फिलहाल किसी संदिग्ध की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
तुलारे काउंटी शेरिफ कार्यालय ने कहा है कि फिलहाल आम लोगों के लिए तत्काल कोई खतरा नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमलावरों की तलाश जारी है।





