Top 5 This Week

Related Posts

अभिनव देशवाल और अंकिता ध्यानी को मिलेगा उत्तराखंड खेल रत्न

देहरादून। उत्तराखंड के खेल जगत के लिए गौरव की खबर है। युवा निशानेबाज अभिनव देशवाल और स्टार धावक अंकिता ध्यानी को प्रतिष्ठित देवभूमि उत्तराखंड खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। खेल विभाग ने राज्य के खेल पुरस्कारों की घोषणा कर दी है। दोनों खिलाड़ियों को 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा।

अभिनव देशवाल को वर्ष 2025 में शानदार प्रदर्शन के लिए खेल रत्न पुरस्कार दिया जाएगा, जबकि अंकिता ध्यानी को वर्ष 2024-25 के प्रदर्शन के आधार पर यह सम्मान मिलेगा। अभिनव निशानेबाजी और अंकिता लंबी व मध्यम दूरी की दौड़ में देश और प्रदेश का नाम रोशन कर चुकी हैं।

अन्य खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को भी सम्मान

शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, वर्ष 2025-26 के लिए ममता खाती, सक्षम प्रताप सिंह, पैरा निशानेबाज शौर्य सैनी और मुक्केबाज खुशी चंद्र को हिमालय रत्न खेल पुरस्कार दिया जाएगा।

इसके अलावा रोइंग कोच मुकेश शर्मा को देवभूमि उत्तराखंड द्रोणाचार्य पुरस्कार और बॉक्सिंग में योगदान के लिए मुकेश चंद्र बेलवाल को लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। वर्ष 2024-25 के लिए अंकिता ध्यानी के एथलेटिक्स कोच लोकेश कुमार को भी द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए चुना गया है।

राष्ट्रीय खेल दिवस पर होगा सम्मान

खेल विभाग के अनुसार, सभी चयनित खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में सम्मानित किया जाएगा। राज्य सरकार के इस फैसले से खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों में उत्साह है।

वर्ष 2024 के हिमालय रत्न खेल पुरस्कार के लिए विभाग को कोई आवेदन नहीं मिला था। वहीं, देवभूमि उत्तराखंड खेल रत्न के लिए तीन और द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए पांच आवेदन प्राप्त हुए थे।

खेल पुरस्कारों की यह घोषणा राज्य में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Popular Articles