Top 5 This Week

Related Posts

अफीम के खिलाफ अभियान पर ट्रंप ने की पीएम मोदी की सराहना, भारत के साथ सहयोग जारी रखने की जताई उम्मीद

वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत में अवैध अफीम की खेती पर रोक लगाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत सरकार के प्रयासों की सराहना की है। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका, भारत के साथ ड्रग्स के खिलाफ सहयोग को आगे भी जारी रखने की उम्मीद करता है। यह बयान ऐसे समय आया है, जब अमेरिका ने भारत को वर्ष 2027 के लिए प्रमुख अवैध ड्रग्स उत्पादक या ट्रांजिट देशों की सूची में शामिल किया है।

अमेरिकी विदेश विभाग की ओर से जारी आधिकारिक बयान में ट्रंप ने अवैध अफीम की खेती से निपटने और सप्लाई चेन की विश्वसनीयता मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी और भारत सरकार के प्रयासों का स्वागत किया। उन्होंने अमेरिका-भारत ड्रग पॉलिसी फ्रेमवर्क के तहत दोनों देशों के बीच सहयोग जारी रहने की उम्मीद भी जताई।

23 देशों की सूची में भारत

अमेरिका की वर्ष 2027 की सूची में भारत के अलावा चीन, पाकिस्तान, अफगानिस्तान, मैक्सिको, कोलंबिया और वेनेजुएला समेत कुल 23 देशों को शामिल किया गया है। हालांकि अमेरिकी अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस सूची में किसी देश का नाम होना अपने आप में यह नहीं दर्शाता कि उसकी सरकार नशीले पदार्थों की रोकथाम में विफल रही है।

अमेरिकी प्रशासन के अनुसार, देशों को सूची में शामिल करने के पीछे भौगोलिक, व्यावसायिक और आर्थिक परिस्थितियां भी जिम्मेदार होती हैं, जिनके कारण उनके क्षेत्र से अवैध ड्रग्स या ड्रग्स बनाने में इस्तेमाल होने वाले रसायनों का उत्पादन अथवा ट्रांजिट हो सकता है।

ड्रग्स के खिलाफ कार्रवाई पर ट्रंप का जोर

ट्रंप ने अपने प्रशासन द्वारा ड्रग तस्करी और नार्को-टेररिस्ट नेटवर्क के खिलाफ की गई कार्रवाई को भी रेखांकित किया। उन्होंने अमेरिका की दक्षिणी सीमा पर ड्रग्स की जब्ती में कमी और ड्रग ओवरडोज से होने वाली मौतों में गिरावट का दावा किया।

वहीं, भारत के संदर्भ में अमेरिकी बयान में प्रधानमंत्री मोदी की सरकार के अवैध अफीम की खेती रोकने और सप्लाई चेन को मजबूत करने के प्रयासों का विशेष रूप से उल्लेख किया गया। दोनों देशों के बीच ड्रग्स नियंत्रण को लेकर सहयोग को आगे बढ़ाने की बात भी दोहराई गई है।

 

Popular Articles