Top 5 This Week

Related Posts

अपराधियों पर शिकंजा, लापरवाह पुलिसकर्मियों को एसएसपी की फटकार

जुआ-सट्टा, नशा तस्करी और अवैध संपत्तियों की होगी जांच; 36 पुलिसकर्मियों को मिला सम्मान

हल्द्वानी। त्योहारों की भीड़, बढ़ते अपराध और लंबित विवेचनाओं को लेकर नैनीताल पुलिस महकमे में सख्ती के संकेत मिले हैं। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने अपराध समीक्षा बैठक में थाना-चौकी प्रभारियों को साफ चेतावनी दी कि गश्त, चेकिंग और अपराध नियंत्रण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। जुआ-सट्टे और नशा तस्करी पर कार्रवाई के साथ तस्करों की अवैध संपत्तियों की जांच के भी निर्देश दिए गए।

अपराधियों पर कार्रवाई, लंबित मामलों पर जवाबदेही

27 अक्टूबर को हल्द्वानी कोतवाली में हुई बैठक में एसएसपी ने धनतेरस, दीपावली और भैया दूज पर बाजारों में सुरक्षा, पटाखा बाजारों में अग्निशमन व्यवस्था तथा यातायात सुचारु रखने के निर्देश दिए। विधानसभा सत्र के मद्देनजर होटल-रेस्टोरेंट की जांच, संदिग्धों के सत्यापन और सघन चेकिंग पर भी जोर दिया।

आदतन अपराधियों पर निरोधात्मक कार्रवाई, नशा तस्करों के खिलाफ नियमानुसार गैंगस्टर एक्ट और अवैध संपत्तियों की जांच, महिलाओं-बच्चों के विरुद्ध अपराधों पर त्वरित कार्रवाई तथा साइबर ठगी की रकम वापस कराने के प्रयास तेज करने को कहा गया।

लंबित विवेचनाओं के निस्तारण में देरी पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को साक्ष्य जुटाने और जांच की गुणवत्ता सुधारने की हिदायत दी गई। हल्द्वानी की ठंडी सड़क पर यातायात बाधित करने वाले वाहनों के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।

36 पुलिसकर्मियों को सम्मान

बैठक में उत्कृष्ट कार्य के लिए 36 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इनमें 33 कर्मियों को ‘बेस्ट एम्प्लॉयी ऑफ द मंथ’ पुरस्कार मिला। फायरमैन सुखदेव सिंह को गृह मंत्रालय की ओर से डीजी-एफएस डिस्क कांस्य पदक और प्रशस्ति पत्र तथा लीडिंग फायरमैन राजकुँवर सिंह और कांस्टेबल चंदन मर्तोलिया को पुलिस मुख्यालय की ओर से महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क रजत प्रदान किया गया।

बैठक में एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, विभिन्न क्षेत्रों के पुलिस उपाधीक्षक, थाना-शाखा प्रभारी, यातायात एवं सीपीयू अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Popular Articles