Top 5 This Week

Related Posts

अनंत अंबानी के वंतारा में जुटे 30 देशों के वन्यजीव विशेषज्ञ, संरक्षण के लिए बनेगी वैश्विक साझेदारी

जामनगर। वन्यजीवों के संरक्षण और उनकी बेहतर देखभाल के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से गुजरात के जामनगर स्थित अनंत अंबानी के वंतारा में वैश्विक चिड़ियाघरों का सम्मेलन आयोजित किया गया। यूरेशियन रीजनल एसोसिएशन ऑफ जू एंड एक्वेरियम (EARAZA) का वार्षिक सम्मेलन 26 से 29 अक्टूबर तक चला। इसमें 30 देशों के 98 संस्थानों और भारत के 29 चिड़ियाघरों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

सम्मेलन का मुख्य विषय ‘वन्यजीव संरक्षण के लिए वैश्विक साझेदारी को मजबूत करना’ रहा। इसमें वन्यजीवों की सुरक्षा, पशु कल्याण, पशु चिकित्सा विज्ञान, आधुनिक तकनीक और विभिन्न देशों के बीच संरक्षण कार्यक्रमों को लेकर चर्चा हुई।

एक साल तक मुफ्त मिलेगा ANTZ सॉफ्टवेयर

सम्मेलन के दौरान वंतारा ने एक महत्वपूर्ण घोषणा की। इसके तहत EARAZA के सभी सदस्य संस्थानों को एक साल तक ANTZ सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म का मुफ्त उपयोग करने की सुविधा दी जाएगी। यह प्लेटफॉर्म चिड़ियाघरों के प्रबंधन, पशुओं की देखभाल और उनके स्वास्थ्य से संबंधित जानकारी को डिजिटल रूप में व्यवस्थित करने में मदद करेगा। इसमें ओपन डेटा एक्सचेंज की सुविधा भी है, जिससे अलग-अलग संस्थान आपस में जानकारी साझा कर सकेंगे।

AI और आधुनिक तकनीक का होगा इस्तेमाल

सम्मेलन में वंतारा की ओर से वन्यजीव संरक्षण से जुड़ी कई तकनीकों का प्रदर्शन किया गया। इनमें Vespr नामक एज-एआई आधारित उपकरण शामिल है, जो जानवरों की आवाज पहचानकर उनकी प्रजातियों की पहचान कर सकता है। इसके अलावा स्मार्ट एग एनालिसिस तकनीक और NFC आधारित डिजिटल रिकॉर्डिंग प्रणाली भी प्रस्तुत की गई।

बाघ और दुर्लभ पक्षियों के संरक्षण पर चर्चा

सम्मेलन में अमूर बाघ, ओरिएंटल स्टॉर्क, ब्लैकिस्टन ईगल आउल और ग्रेट बस्टर्ड जैसी दुर्लभ प्रजातियों के संरक्षण पर विशेष चर्चा हुई। इसके साथ ही हाथियों की देखभाल, वन्यजीवों की बीमारियों की पहचान, प्राकृतिक आवास संरक्षण और मानव-वन्यजीव संघर्ष जैसे मुद्दे भी उठाए गए।

कार्यक्रम के समापन पर भारत और विदेशों के छह विशेषज्ञों को वन्यजीव संरक्षण में उनके योगदान के लिए लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड प्रदान किए गए। सम्मेलन का अगला आयोजन वर्ष 2027 में चीन में होगा।

Popular Articles