गुवाहाटी। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी केवल मॉक संसद (प्रतीकात्मक संसद) में ही प्रधानमंत्री बन सकते हैं, जबकि वास्तविक संसद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही बने रहेंगे।
मंगलवार को गुवाहाटी में भाजपा के एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत में सरमा ने कहा कि कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाना चाहती थीं। इसके लिए कई प्रयास किए गए और काफी संसाधन भी खर्च किए गए, लेकिन उनकी यह इच्छा पूरी नहीं हो सकी।
सरमा ने तंज कसते हुए कहा कि जब सभी प्रयास विफल हो गए तो कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास के लॉन में मॉक संसद आयोजित कर राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बना दिया गया। उन्होंने कहा कि देश की राजनीतिक वास्तविकता यही है कि राहुल गांधी मॉक संसद में प्रधानमंत्री बन सकते हैं, लेकिन असली संसद में नरेंद्र मोदी ही प्रधानमंत्री रहेंगे।
मॉक संसद को लेकर बढ़ा राजनीतिक विवाद
मुख्यमंत्री की यह टिप्पणी विपक्षी गठबंधन इंडिया की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आयोजित प्रतीकात्मक महाभियोग कार्यक्रम के बाद आई है। 31 अक्टूबर को दिल्ली में मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर विपक्षी नेताओं ने मॉक संसद का आयोजन किया था। इसमें चुनाव आयोग और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर सवाल उठाए गए थे।
विपक्ष ने आरोप लगाया है कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण के नाम पर वास्तविक मतदाताओं के नाम हटाए जा रहे हैं। इसके विरोध में इंडिया गठबंधन ने दिल्ली के रामलीला मैदान में रैली भी की थी।
भाजपा और विपक्ष में बढ़ी जुबानी जंग
मॉक संसद और एसआईआर के मुद्दे पर भाजपा तथा विपक्षी दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। भाजपा जहां विपक्ष के इस कार्यक्रम को राजनीतिक दिखावा बता रही है, वहीं विपक्ष चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और चुनाव आयोग की जवाबदेही की मांग कर रहा है।





