लंदन। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी ने भारत छोड़ने को लेकर बड़ा बयान दिया है। हाल ही में ब्रिटिश नागरिकता हासिल करने के बाद उन्होंने उन आरोपों को खारिज किया है, जिनमें कहा जा रहा था कि उन्होंने कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए भारत छोड़ा था। ललित मोदी का दावा है कि अंडरवर्ल्ड से जान को खतरा मिलने के कारण उन्होंने वर्ष 2010 में देश छोड़ने का फैसला किया था।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में मोदी ने कहा कि भारत छोड़ने से तीन दिन पहले उनकी सशस्त्र पुलिस सुरक्षा बिना किसी पूर्व सूचना के वापस ले ली गई थी। उस समय उनके खिलाफ कोई एफआईआर दर्ज नहीं थी। उन्होंने दावा किया कि मुंबई पुलिस के अतिरिक्त आयुक्त ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को लिखे पत्र में केंद्रीय एजेंसियों से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर उन्हें सुरक्षा दिए जाने की पुष्टि की थी।
पासपोर्ट रद्द करने पर भी दी सफाई
ललित मोदी ने अपने भारतीय पासपोर्ट को रद्द किए जाने के मामले पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि ईडी के निर्देश पर पासपोर्ट रद्द किए जाने के बाद दिल्ली हाईकोर्ट ने वर्ष 2014 में इस फैसले को निरस्त कर उनका पासपोर्ट बहाल कर दिया था।
मीडिया संस्थानों को कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
मोदी ने भारतीय मीडिया के एक वर्ग पर उनके खिलाफ झूठी और मानहानिकारक खबरें प्रकाशित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ब्रिटिश नागरिकता हासिल करने को इस तरह पेश किया जा रहा है, जैसे वह कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए देश छोड़कर भागे हों। ऐसी खबरों के खिलाफ उन्होंने कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।
जुलाई 2026 में मिली ब्रिटिश नागरिकता
ललित मोदी के अनुसार, ब्रिटेन वर्ष 2010 से उनका घर रहा है। उन्होंने निर्धारित कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद ब्रिटिश नागरिकता के लिए आवेदन किया था, जिसे जुलाई 2026 में ब्रिटेन के गृह मंत्रालय से मंजूरी मिली।
उन्होंने दावा किया कि पिछले 16 वर्षों से अधिक समय में भारत की किसी अदालत में उनके खिलाफ चार्जशीट दाखिल नहीं हुई है। हालांकि, अक्टूबर 2010 में बीसीसीआई के तत्कालीन सचिव एन. श्रीनिवासन की शिकायत पर चेन्नई में एफआईआर दर्ज हुई थी।
ललित मोदी ने अपने प्रत्यर्पण को लेकर चल रही अटकलों को भी खारिज किया और दावा किया कि इंटरपोल के पास उनके खिलाफ कोई आपराधिक अलर्ट नोटिस दर्ज नहीं है।





