यमन के हूती विद्रोहियों ने इस्राइल के खिलाफ अपने रुख को और सख्त करते हुए चेतावनी दी है कि अगर गाजा पर सैन्य कार्रवाई नहीं रुकी, तो वे इस्राइल से जुड़े हर समुद्री जहाज को निशाना बनाएंगे — चाहे वह दुनिया के किसी भी कोने में क्यों न हो।
हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सारी ने रविवार को एक वीडियो संदेश में कहा कि उनका ‘सैन्य प्रतिरोध’ तब तक जारी रहेगा, जब तक गाजा पट्टी पर इस्राइल के हमले बंद नहीं हो जाते। उन्होंने कहा कि अब उनके निशाने पर सभी प्रकार के इस्राइली या इस्राइल समर्थक जहाज होंगे, जिनमें तेल टैंकर, व्यापारिक पोत और हथियार ले जाने वाले जलयान भी शामिल हैं।
हूती चेतावनी का दायरा हुआ व्यापक
इस बयान के बाद हूती समूह ने अपने हमलों की संभावित सीमा को और विस्तृत कर दिया है। अब यह न केवल इस्राइल या उसके सहयोगियों के जहाजों, बल्कि उन देशों या कंपनियों को भी लक्षित करने की बात कर रहे हैं जो किसी भी रूप में इस्राइल का समर्थन कर रहे हैं।
हूती प्रवक्ता ने कहा, “कोई भी शिपिंग कंपनी या देश जो इस्राइल के हितों की रक्षा करता है, अब हमारे निशाने पर होगा।”
समुद्री व्यापार पर गहराया संकट
यह चेतावनी ऐसे समय आई है जब रेड सी और अरब सागर में हूतियों के हमलों के चलते पहले ही अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों पर तनाव है। अब इस चेतावनी से हिंद महासागर, सुएज़ नहर और अन्य व्यापारिक रूटों पर भी खतरा बढ़ सकता है।
अमेरिकी जवाबी कार्रवाई की आशंका
बीते महीनों में हूतियों द्वारा अमेरिकी और ब्रिटिश जहाजों को निशाना बनाए जाने के बाद अमेरिका ने यमन में कई एयरस्ट्राइक किए थे। अब एक बार फिर ऐसी धमकियों के बाद माना जा रहा है कि पश्चिमी देश सैन्य प्रतिक्रिया पर विचार कर सकते हैं।
हालांकि, अमेरिकी रक्षा मंत्रालय (पेंटागन) की ओर से अभी तक इस ताज़ा चेतावनी पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।





