कोलकाता। पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के श्रीरामपुर में शुक्रवार को प्रस्तावित तृणमूल कांग्रेस की सभा फिलहाल टल गई है। सभा में पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के शामिल होने का कार्यक्रम था। कलकत्ता हाई कोर्ट की सिंगल बेंच ने गुरुवार को कुछ शर्तों के साथ सभा की अनुमति दी थी, लेकिन राज्य सरकार ने कुछ ही घंटों बाद इस आदेश को डिवीजन बेंच में चुनौती दे दी। इसके बाद आयोजकों ने कार्यक्रम स्थगित कर दिया।
सिंगल बेंच के न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य ने हुगली के महेश स्थित जगन्नाथ देव स्नानपिंड़ी मैदान में दोपहर एक से तीन बजे तक सभा करने की अनुमति दी थी। सभा में अधिकतम 2,000 लोगों के शामिल होने की शर्त रखी गई थी। साथ ही किसी भी तरह के भड़काऊ या धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले बयान पर रोक लगाई गई थी।
मामला उस समय अदालत पहुंचा जब तृणमूल कांग्रेस ने महेश से श्रीरामपुर कोर्ट तक जुलूस निकालने की अनुमति मांगी थी। पुलिस ने जीटी रोड पर यातायात प्रभावित होने की आशंका जताते हुए जुलूस की अनुमति नहीं दी थी। हाई कोर्ट ने सभा की अनुमति तो दी, लेकिन जुलूस पर रोक लगा दी थी।
राज्य सरकार ने सिंगल बेंच के आदेश को चुनौती देते हुए कहा कि जिस मैदान में सभा की अनुमति दी गई है, वह निजी संपत्ति है और मुख्य रूप से धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए इस्तेमाल होता है। जमीन मालिकों ने भी राजनीतिक कार्यक्रम के लिए मैदान देने से असहमति जताई है। राज्य का कहना है कि पुलिस किसी निजी मालिक को मैदान देने के लिए मजबूर नहीं कर सकती।
अब मामले की सुनवाई शुक्रवार को मुख्य न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली डिवीजन बेंच करेगी। अदालत ने राजनीतिक कार्यक्रमों के लिए ऐसा स्थान चुनने पर जोर दिया है, जिससे आम लोगों को परेशानी न हो।




