हरिद्वार। उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा ने हरिद्वार जिले में संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में पार्टी ने पांच विधानसभा क्षेत्रों के 882 बूथ प्रमुखों के साथ विशेष बैठक आयोजित की। खास बात यह रही कि पहली बार इतने बड़े स्तर पर बूथ प्रमुखों को केंद्रीय नेतृत्व के पदाधिकारियों से सीधे संवाद करने का अवसर मिला।
51 प्रतिशत वोट हासिल करने का लक्ष्य
बैठक में भाजपा प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रत्येक बूथ पर 51 प्रतिशत से अधिक वोट हासिल करने का लक्ष्य दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी की असली ताकत बूथ स्तर पर होती है। इसलिए सभी कार्यकर्ताओं को अपने-अपने बूथ पर पूरी सक्रियता के साथ काम करना होगा।
उन्होंने समाज के प्रत्येक वर्ग को पार्टी से जोड़ने और जनसंपर्क अभियान को मजबूत बनाने पर जोर दिया। इसके लिए संपर्क, संवाद, सहभागिता और सेवा के मंत्र को अपनाने की अपील की।
घर-घर पहुंचाया जाएगा सरकार का रिपोर्ट कार्ड
अरविंद मेनन ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की धामी सरकार के विकास कार्यों का रिपोर्ट कार्ड जनता तक पहुंचाया जाएगा। बूथ प्रमुखों को व्यक्तिगत संपर्क के साथ सोशल मीडिया का प्रभावी इस्तेमाल करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी घर-घर तक पहुंचाने को कहा।
कांग्रेस पर साधा निशाना
बैठक में अरविंद मेनन ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि भ्रष्टाचार का ओलंपिक होता तो कांग्रेस को स्वर्ण पदक मिलता। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विपक्ष के आरोपों का जवाब तथ्यों के आधार पर देने और जनता के बीच पार्टी की विचारधारा को मजबूती से रखने का आह्वान किया।
बूथ स्तर पर जीत की तैयारी
बैठक में आगामी चुनाव को लेकर संगठनात्मक रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। पार्टी नेतृत्व ने बूथ प्रमुखों को चुनावी अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाने और अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने के निर्देश दिए।
भाजपा का लक्ष्य हरिद्वार जिले में अपनी राजनीतिक स्थिति मजबूत करना और आगामी विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करना है।





