हरिद्वार। दशहरा पर्व पर रावण दहन और मेले में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए हरिद्वार पुलिस ने यातायात और पार्किंग प्लान जारी किया है। शहर के पांच प्रमुख स्थलों पर विशेष व्यवस्था की जाएगी। जरूरत पड़ने पर संबंधित मार्गों पर सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित कर यातायात को वैकल्पिक रास्तों से संचालित किया जाएगा। पुलिस ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने की अपील की है।
पांच स्थानों पर रहेगी विशेष व्यवस्था
दशहरा आयोजन के लिए बीएचईएल सेक्टर-4, बीएचईएल सेक्टर-1, जटवाड़ा पुल ज्वालापुर, चमगादड़ टापू मैदान और मोतीचूर पार्किंग मैदान (दूधाधारी मैदान) में विशेष यातायात व्यवस्था लागू की जाएगी।
बीएचईएल सेक्टर-4: सिडकुल से आने वाले वाहनों को सेक्टर-4, सिविल अनुरक्षण सेक्टर-3 और स्वर्ण जयंती पार्क होते हुए भगत सिंह चौक तथा रानीपुर मोड़ की ओर भेजा जाएगा। यहां करीब 300 वाहनों की पार्किंग व्यवस्था की गई है।
बीएचईएल सेक्टर-1: सेक्टर-1 चौक से स्टेट बैंक तिराहे तक सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। वाहनों को सेक्टर-2 स्थित स्वास्थ्य केंद्र और मानव संसाधन विकास केंद्र के सामने निर्धारित पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। यहां लगभग 400 वाहनों की क्षमता है।
जटवाड़ा पुल, ज्वालापुर: जटवाड़ा पुल चौक से नहर पटरी की ओर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। रानीपुर झाल की ओर से आने वाले वाहनों को रेगुलेटर पुल के पास पार्क कराया जाएगा। यहां करीब 150 वाहनों की पार्किंग होगी।
चमगादड़ टापू: दशहरा आयोजन के दौरान जयराम मोड़ से भीमगोड़ा की ओर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। वाहनों को हनुमान वाटिका से चमगादड़ टापू के पिछले हिस्से में पार्क कराया जाएगा। यहां लगभग 400 वाहनों की व्यवस्था है।
मोतीचूर पार्किंग मैदान: मोतीचूर रेलवे स्टेशन तिराहे से दूधाधारी तिराहे के बीच वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। दूधाधारी और सूखी नदी तिराहे की ओर से ऑटो, विक्रम व ई-रिक्शा को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा। यहां भी लगभग 400 वाहनों की पार्किंग क्षमता निर्धारित की गई है।
भीड़ बढ़ने पर लागू होगा डायवर्जन
पुलिस के अनुसार, सामान्य स्थिति में यातायात पहले की तरह चलता रहेगा। मेला स्थलों पर भीड़ और वाहनों का दबाव बढ़ने पर अधिकारियों के निर्देश पर डायवर्जन लागू किया जाएगा। आपातकालीन वाहनों को प्रतिबंधित मार्गों से गुजरने की अनुमति रहेगी।
पुलिस ने वाहन चालकों से सड़क किनारे पार्किंग नहीं करने, यातायात कर्मियों के निर्देशों का पालन करने और आपातकालीन वाहनों के लिए रास्ता खुला रखने की अपील की है।




