पहाड़ों में हो रही भारी बारिश के चलते गंगा का जलस्तर बृहस्पतिवार को फिर से चेतावनी रेखा के पार पहुंच गया। जिला प्रशासन ने गंगा के निचले इलाकों में रहने वाले ग्रामीणों को अलर्ट कर दिया है। पानी के साथ सिल्ट ज्यादा आने से उत्तरी खंड गंगनहर को बंद कर दिया गया। लगातार हो रही बारिश से गंगा का जलस्तर भी बढ़ना शुरू हो गया है। गंगा का जलस्तर सुबह 11 बजे चेतावनी रेखा 293 मीटर को पार कर 293.45 मीटर पर पहुंच गया, जो चेतावनी रेखा से 00.45 मीटर ऊपर रिकॉर्ड किया गया, जबकि खतरे के निशान 294 मीटर पर जाने से महज 00.55 मीटर दूर रहा। जिला प्रशासन ने पथरी, श्यामपुर और लक्सर आदि क्षेत्रों में गंगा किनारे रहने वाले ग्रामीणों को सतर्क किया है। बाढ़ राहत चौकियाें पर तैनात कर्मचारियों को भी अलर्ट कर दिया गया है। हालांकि, जलस्तर दोपहर बाद कम होना शुरू हो गया। शाम चार बजे जलस्तर घटकर 292. 30 मीटर पर पहुंच गया। इससे उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग और हरिद्वार जिला प्रशासन के अधिकारियों ने राहत की सांस ली। उधर, गंगा में आई अधिक सिल्ट से सुबह आठ बजे उत्तरी खंड गंगनहर को भी बंद कर दिया गया।





