Saturday, February 14, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

सुधाकरन को KPCC प्रमुख पद से हटाने की कोई जरूरत नहीं

केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी में संगठनात्मक बदलाव की खबरों के बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने रविवार को पार्टी के दिग्गज नेता के सुधाकरन का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि के सुधाकरन को केपीसीसी प्रमुख पद से हटाने की कोई जरूरत नहीं है। थरूर ने तर्क दिया कि कांग्रेस ने हाल के उपचुनावों और लोकसभा चुनाव में सुधाकरन के नेतृत्व में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। थरूर ने कहा, ‘मुझे समझ नहीं आता कि उनकी (सुधाकरन की) कमी क्या है। मेरी राय में, वह (केपीसीसी प्रमुख के रूप में) बने रहने के हकदार हैं।’

थरूर की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है, जब केरल कांग्रेस के कुछ नेताओं द्वारा सुधाकरन को प्रमुख पद से हटाने की मांग की जा रही है, जबकि कुछ अन्य नेता इसका विरोध कर रहे हैं।

तिरुवनंतपुरम सांसद थरूर ने संवाददाताओं से कहा कि मेरी राय में इस तरह के बदलाव की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि सुधाकरन के नेतृत्व में कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव में 19 सीटें जीती हैं, और राज्य में हाल के उपचुनावों में पार्टी की स्थिति मजबूत हुई है।

उन्होंने बताया कि राज्य में हाल के उपचुनावों में कांग्रेस की सीटें बरकरार रहीं और वायनाड लोकसभा क्षेत्र के हालिया उपचुनाव में पार्टी की जीत का अंतर और बेहतर हुआ है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सुधाकरन को बदलने का कोई मतलब नहीं है।

इस बीच, के सुधाकरन ने भी मीडिया रिपोर्टों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कन्नूर में संवाददातों से कहा कि संगठनात्मक सुधारों के फैसले स्थानीय स्तर पर नहीं होते हैं। यदि किसी सुधार की योजना बनाई गई है, तो आपको इसके बारे में सूचित किया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ऐसी खबरें जो उनके पद से हटाने के बारे में चल रही हैं, केवल मीडिया की कल्पना हैं।

Popular Articles