नई दिल्ली। चीन के विदेश मंत्री वांग यी दो दिवसीय भारत दौरे पर हैं और आज राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल से मुलाकात करेंगे। दोनों नेता सीमा विवाद के स्थायी समाधान के लिए गठित विशेष प्रतिनिधि (एसआर) वार्ता का नेतृत्व करेंगे। यह बैठक मंगलवार सुबह 11 बजे निर्धारित है।
यह दौरा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संभावित चीन दौरे से पहले अहम माना जा रहा है। इसके अलावा, भारत-अमेरिका संबंधों में तनाव और वैश्विक परिस्थितियों के बीच भारत, रूस और चीन की कूटनीतिक सक्रियता पर भी सबकी नजरें हैं।
अप्रैल-मई 2020 में पूर्वी लद्दाख में चीनी सैनिकों की घुसपैठ के बाद दोनों देशों के रिश्ते बिगड़े थे। हालांकि, अक्टूबर 2024 में पीएम मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग की मुलाकात के बाद तनाव काफी हद तक कम हुआ।
सोमवार को दिल्ली आगमन के तुरंत बाद वांग यी ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात की। बैठक के बाद जयशंकर ने कहा, “जब दुनिया के दो सबसे बड़े देश मिलते हैं तो अंतरराष्ट्रीय स्थिति पर चर्चा स्वाभाविक है। हम एक संतुलित, बहुध्रुवीय दुनिया और बहुध्रुवीय एशिया के पक्षधर हैं। वर्तमान वैश्विक व्यवस्था में स्थिरता और बहुपक्षीय संगठनों में सुधार की जरूरत है।”
जयशंकर ने दोनों देशों के रिश्तों पर जोर देते हुए कहा कि कठिन दौर के बाद अब आगे बढ़ने की दिशा में प्रयास किए जाने चाहिए।





