Monday, February 16, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

सीट बंटवारे पर कांग्रेस-शिवसेना UBT में अनबन

महाराष्ट्र में विपक्षी दलों के गठबंधन महाविकास आघाड़ी (एमवीए) में सीटों के बंटवारे को लेकर तनातनी बढ़ गई है। शुक्रवार को शिवसेना (यूबीटी) के वरिष्ठ नेता संजय राउत ने महाराष्ट्र में विपक्षी गठबंधन में सीट बंटवारे पर बातचीत में देरी को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले पर निशाना साधा। राउत ने आरोप लगाया कि प्रदेश कांग्रेस के नेता फैसले लेने में सक्षम नहीं है, वह राहुल गांधी से बात करेंगे। इस पर पटोले ने भी पलटवार किया कि अगर, संजय राउत अपने नेता उद्धव ठाकरे की नहीं सुनते तो वह उनकी परेशानी है। राज्यसभा सदस्य संजय राउत ने कहा कि एमवीए के घटक दलों में महाराष्ट्र विधानसभा की कुल 288 सीट में से 200 पर आम सहमति कायम हो गई है। उन्होंने कहा कि सीट बंटवारे पर हमने कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल और मुकुल वासनिक व महाराष्ट्र के लिए पार्टी प्रभारी रमेश चेन्निथला से शुक्रवार सुबह बात की है। इस मुद्दे पर वह कांग्रेस नेता राहुल गांधी से भी बात करेंगे। राउत ने कहा कि लंबित फैसला जल्द लिया जाना चाहिए। महाराष्ट्र कांग्रेस के नेताओं को बार-बार सूची दिल्ली भेजनी पड़ती है और फिर चर्चा होती है।राउत इस बयान पर नाना पटोले ने कहा कि हमारे नेता मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी हैं। जो सीट बंटवारे की कमेटी बनी है वह उनके आदेश से बनी है। हमारी जिम्मेदारी है कि जो भी बात हो उसकी जानकारी हाईकमान को दें। अगर, संजय राउत अपने नेता उद्धव ठाकरे की नहीं सुनते हैं तो उनकी परेशानी है। सीट बंटवारा वार्ता में शामिल एमवीए नेताओं की बृहस्पतिवार को अंतिम बैठक हुई थी, उसके बाद यह बयानबाजी शुरू हुई है।

एमवीए में करीब 25 सीटों पर कांग्रेस और शिवसेना (यूबीटी) के बीच गतिरोध है, जिस पर दोनों दल अपनी-अपनी दावेदारी जता रहे हैं। इनमें से कई सीटें विदर्भ की है, जिसे कांग्रेस नहीं छोड़ना चाहती।

Popular Articles