Top 5 This Week

Related Posts

सिर्फ सूचना देने तक सीमित न रहें, लोगों की चिंताएं भी सुनें: IIS अधिकारियों से राष्ट्रपति मुर्मु

नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने भारतीय सूचना सेवा (IIS) के प्रशिक्षु अधिकारियों से कहा कि वे सोशल मीडिया का इस्तेमाल केवल सरकार की नीतियों और योजनाओं की जानकारी देने के लिए न करें, बल्कि जनता की चिंताओं, आकांक्षाओं और सुझावों को सुनने और उन पर जवाब देने के लिए भी करें। उन्होंने कहा कि डिजिटल दौर में सरकारी संवाद एकतरफा नहीं हो सकता।

राष्ट्रपति ने बुधवार को राष्ट्रपति भवन में भारतीय सूचना सेवा और भारतीय सांख्यिकी सेवा (ISS) के अधिकारी प्रशिक्षुओं से मुलाकात के दौरान यह बात कही। उन्होंने कहा कि दोनों सेवाओं की जिम्मेदारियां अलग हैं, लेकिन उनका साझा उद्देश्य बेहतर शासन व्यवस्था और जनसेवा को मजबूत करना है। प्रभावी संवाद और विश्वसनीय सूचना लोकतंत्र के महत्वपूर्ण आधार हैं।

मुर्मु ने IIS अधिकारियों की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी नागरिकों तक सटीक, स्पष्ट और समय पर पहुंचाना उनकी अहम जिम्मेदारी है। इसके साथ ही अधिकारियों को जनता की प्रतिक्रिया और समस्याओं को समझना भी जरूरी है। उन्होंने सोशल मीडिया को इसके लिए प्रभावी माध्यम बताया।

फर्जी सूचनाओं से निपटने पर जोर

राष्ट्रपति ने तेजी से बदलते सूचना परिवेश में गलत और भ्रामक सूचनाओं की चुनौती का भी उल्लेख किया। उन्होंने अधिकारियों से तथ्यों और गलत सूचनाओं के बीच अंतर करने तथा संकट की स्थिति में जिम्मेदारी के साथ प्रतिक्रिया देने को कहा। उनका कहना था कि नागरिकों को प्रामाणिक जानकारी आसानी से और समय पर उपलब्ध होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल के साथ सरकारी संचार में सटीकता, विश्वसनीयता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता मिलनी चाहिए। नई तकनीकों का इस्तेमाल जिम्मेदारी और नैतिक मूल्यों के साथ किया जाना चाहिए।

राष्ट्रपति ने अधिकारी प्रशिक्षुओं से संवेदनशीलता और सहानुभूति के साथ संवाद करने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारत की विविधता को ध्यान में रखते हुए जनसंचार को अधिक समावेशी और नागरिक-केंद्रित बनाया जाना चाहिए।

मुर्मु ने कहा कि 2047 की ओर बढ़ते भारत में IIS अधिकारियों की भूमिका और महत्वपूर्ण होगी। जागरूक और सही जानकारी रखने वाले नागरिक देश के विकास और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अधिक प्रभावी ढंग से भाग ले सकते हैं।

Popular Articles