प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में लगातार तीसरी बार बनी एनडीए सरकार के मंत्रिमंडल में सात महिला मंत्रियों को जगह मिली है। प्रधानमंत्री ने पूर्व वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण पर एक बार फिर भरोसा दिखाया है। सीतारमण के अलावा पूर्व राज्यमंत्री अन्नपूर्णा देवी, उत्तर प्रदेश से निर्वाचित अनुप्रिया पटेल और कर्नाटक से निर्वाचित शोभा करंदलाजे को एक बार फिर मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। पहली बार मंत्री बनने वाली महिला नेताओं में 37 वर्षीय रक्षा निखिल खड़से का नाम भी शामिल है। इनकी चर्चा इसलिए भी हो रही है क्योंकि ये इस कैबिनेट में सबसे युवा महिला मंत्री हैं। इनके अलावा सावित्री ठाकुर और निमूबेन बंभानिया को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। पूर्व वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण पर प्रधानमंत्री मोदी ने एक बार फिर भरोसा दिखाया है। उन्हें एक बार फिर कैबिनेट मंत्री के रूप में मंत्रिपरिषद में शामिल किया गया है। पांच साल पहले बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) का दामन छोड़ भाजपा में शामिल हुईं अन्नपूर्णा देवी एक बार फिर मंत्री बनाई गई हैं। झारखंड की कोडरमा सीट से चुनाव जीतने के बाद संसद पहुंचीं अन्नपूर्णा की गिनती आज भाजपा की कद्दावर महिला नेताओं में होती है।





