हल्द्वानी। सड़कें जनता के चलने के लिए हैं, लेकिन जब रास्तों पर ही कब्जे बढ़ने लगें तो लोगों का सब्र भी जवाब देने लगता है। जवाहर ज्योति क्षेत्र में सोमवार को कुछ ऐसा ही देखने को मिला। चौफुला चौराहे से हल्दीखाल समेत विभिन्न मार्गों पर बढ़ते अतिक्रमण के खिलाफ वार्ड-37 के लोगों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन कर प्रशासन से अतिक्रमण के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सड़क किनारे लगातार कब्जे बढ़ने से मार्गों की चौड़ाई घटती जा रही है। इससे पैदल राहगीरों के साथ ही वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने आरोप लगाया कि समय रहते अतिक्रमण पर रोक नहीं लगाई गई तो आने वाले दिनों में समस्या और गंभीर हो सकती है।
विधायक से मुलाकात के बाद सड़क पर प्रदर्शन
स्थानीय लोगों ने बताया कि समस्या को लेकर रविवार को विधायक से मुलाकात कर उन्हें क्षेत्र की स्थिति से अवगत कराया गया था। इसके बावजूद तत्काल कार्रवाई नहीं होने पर सोमवार को लोगों ने प्रदर्शन कर अपना आक्रोश जताया।
मौके पर पहुंची प्रशासनिक टीम, कराया शांत
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर उनकी समस्याएं सुनीं और उचित कार्रवाई का भरोसा देकर लोगों को शांत कराया।
राजस्व विभाग के अधीन है जमीन
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार दमुवादूंगा क्षेत्र की संबंधित भूमि राजस्व विभाग के अधीन है। वर्तमान में राजस्व विभाग की ओर से भूमि का सर्वे कराया जा रहा है। सर्वे पूरा होने के बाद भूमि की स्थिति के अनुसार नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
प्रदर्शन में मन्नू गोस्वामी, मयंक, विजय, गीता बिष्ट, उर्मिला जोशी, दीपा, ममता, लीला, अर्जुन और कमल कोरंगा समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।





