Top 5 This Week

Related Posts

सड़क पर डंडों का प्रदर्शन पड़ा भारी, वायरल वीडियो से 15 चिन्हित

हल्द्वानी। जन्माष्टमी की रात काठगोदाम मार्ग पर वाहनों में सवार होकर डंडे लहराना युवकों को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो पुलिस तक पहुंचा तो कार्रवाई का पहिया घूम गया। पुलिस ने वीडियो के आधार पर 15 युवकों को चिन्हित कर थाने पहुंचाया। इनमें आठ बालिग और सात नाबालिग शामिल हैं। आठ बालिगों पर पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई कर जुर्माना वसूला गया, जबकि वीडियो में इस्तेमाल वाहनों को सीज कर दिया गया।

वीडियो वायरल होते ही हरकत में आई पुलिस

काठगोदाम मार्ग पर जन्माष्टमी की रात कुछ युवकों द्वारा वाहनों में सवार होकर डंडे लहराने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने एएसपी/सीओ हल्द्वानी अमित सैनी को युवकों और वाहनों की पहचान कर कार्रवाई के निर्देश दिए।

इसके बाद प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर चौहान के नेतृत्व में चौकी प्रभारी दिलीप कुमार की टीम ने वीडियो में दिखाई दे रहे वाहनों और युवकों की पहचान शुरू की। जांच के बाद पुलिस ने 15 युवकों को चिन्हित कर थाने पहुंचाया।

आठ बालिगों पर कार्रवाई, वाहन भी सीज

पुलिस के अनुसार आठ बालिग युवकों के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जुर्माना जमा कराया गया। वीडियो में प्रयुक्त वाहनों को भी सीज कर दिया गया। पुलिस ने युवकों को भविष्य में सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की हरकत न करने की सख्त हिदायत दी।

सात नाबालिगों की काउंसलिंग

मामले में चिन्हित सात नाबालिगों के परिजनों को थाने बुलाया गया। पुलिस ने नाबालिगों की काउंसलिंग की और उनके परिजनों के खिलाफ भी पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जुर्माना जमा कराया।

एसएसपी का सख्त संदेश

एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर अराजकता फैलाकर आमजन में भय का माहौल बनाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। सोशल मीडिया पर सामने आने वाले ऐसे मामलों पर तत्काल संज्ञान लेकर कार्रवाई की जाएगी।

Popular Articles