Sunday, February 15, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

व्हाइट हाउस डिनर में नेतन्याहू का ‘डिप्लोमैटिक मास्टरस्ट्रोक’

इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू इन दिनों अमेरिका दौरे पर हैं और इस दौरान उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को एक ऐसा खास तोहफा दिया, जिसने व्हाइट हाउस में आयोजित डिनर को यादगार बना दिया। नेतन्याहू ने ट्रंप के नाम लिखा नोबेल पुरस्कार नामांकन पत्र उन्हें भेंट किया, जिसे देखकर ट्रंप खुद भी आश्चर्यचकित रह गए।

नेतन्याहू ने डिनर के दौरान यह पत्र ट्रंप को सौंपते हुए कहा, “राष्ट्रपति ट्रंप ने अब्राहम अकॉर्ड जैसे ऐतिहासिक समझौते संभव बनाए और वैश्विक स्तर पर शांति स्थापित करने में बड़ी भूमिका निभाई। मैंने नोबेल पुरस्कार समिति को पत्र लिखकर आपके नाम की सिफारिश की है—आप इसके वास्तविक हकदार हैं।”

ट्रंप का भावुक प्रतिक्रिया
नेतन्याहू से यह अनपेक्षित तोहफा मिलने पर राष्ट्रपति ट्रंप ने प्रसन्नता जाहिर की और कहा, “क्या बात है, यह मेरे लिए बहुत खास है। बहुत-बहुत शुक्रिया। मुझे यह बिल्कुल पता नहीं था।”

संबंधों की मजबूती पर जोर
डिनर के दौरान ट्रंप ने भी नेतन्याहू और उनकी पत्नी सारा की मौजूदगी का स्वागत करते हुए कहा, “बीबी और सारा को यहां देखना हमेशा अच्छा लगता है। हमने साथ मिलकर कई उपलब्धियां हासिल की हैं और मुझे पूरा विश्वास है कि भविष्य में यह साझेदारी और भी मजबूत होगी।”

शांति वार्ता की पृष्ठभूमि में मुलाकात
अपने अमेरिका दौरे के दौरान नेतन्याहू ने अमेरिकी विदेश सचिव मार्को रुबियो से भी मुलाकात की। यह वार्ता ऐसे समय हुई जब हाल ही में इजरायल और हमास के बीच शांति वार्ता विफल रही है। इजरायल का रुख स्पष्ट है कि जब तक अक्तूबर 2023 के हमले में हमास द्वारा बंधक बनाए गए इजरायली नागरिकों को रिहा नहीं किया जाता, तब तक किसी भी तरह की शांति संभव नहीं है।

Popular Articles