Top 5 This Week

Related Posts

विद्या मंदिरों के सेवानिवृत्त प्रधानाचार्यों का जुटान, नई कार्यकारिणी का गठन

हल्द्वानी। वर्षों तक विद्या मंदिरों में शिक्षा और संस्कार की अलख जगाने वाले सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य रविवार को हल्द्वानी में एक मंच पर जुटे। उत्तराखंड के विभिन्न जिलों से पहुंचे प्रधानाचार्यों ने पुराने अनुभव साझा करने के साथ संगठन को मजबूत बनाने पर मंथन किया। बैठक में नई कार्यकारिणी का गठन किया गया और दिवंगत प्रधानाचार्यों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

बैठक के दौरान परिचय एवं अनुभव साझा करने का सत्र आयोजित किया गया। इसके बाद सर्वसम्मति से कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें कोटद्वार के सोमप्रकाश बलौदी को अध्यक्ष, बागेश्वर के तारा सिंह रावत और कोटद्वार के कुंज बिहारी भट्ट को उपाध्यक्ष बनाया गया। हल्द्वानी के खीम सिंह बिष्ट को मंत्री, ऋषिकेश के राजेंद्र पांडे को संगठन मंत्री, हरिद्वार के उदय राज सिंह चौहान को सह मंत्री तथा सतीश दुर्गापाल को कोषाध्यक्ष नामित किया गया।

इसके अलावा सात अन्य सदस्यों को संस्थापक सदस्य की जिम्मेदारी दी गई। बैठक में समिति के विधिवत पंजीकरण को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ। संगठन की आगामी गतिविधियों को गति देने के लिए अगली बैठक जनवरी में हरिद्वार में आयोजित करने का प्रस्ताव पारित किया गया।

बैठक के अंतिम चरण में दिवंगत प्रधानाचार्यों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद कल्याण मंत्र के साथ बैठक का समापन हुआ।

Popular Articles